Jabalpur rape case: बीमार पति की मजबूरी बनी हैवान की ताकत! जबलपुर में महिला से कई बार दुष्कर्म, ब्लैकमेल कर दो बार गर्भपात कराया। अब आरोपी की नजर उसकी नाबालिग बेटी पर पड़ी, तो मां ने तोड़ी चुप्पी और FIR दर्ज कराई। आरोपी शानू खान फिलहाल फरार है। 

Jabalpur woman abuse case: बीमार पति की मजबूरी और परिवार की चिंता ने एक महिला को उस दरिंदे के चंगुल में पहुंचा दिया, जो "सहारा देने" के बहाने उसकी जिंदगी तबाह कर गया। अधारताल थाना क्षेत्र की इस महिला ने अब साहस जुटाकर अपने साथ हुए सालों के अत्याचार की पूरी दास्तां उजागर की है।

‘पहले भरोसा जीता, फिर दुष्कर्म कर ब्लैकमेल किया’ 

32 वर्षीय महिला ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2020 में जब उसके पति गंभीर रूप से बीमार थे और घर की हालत खराब थी, तब उसकी मुलाकात मोहम्मद शमीम उर्फ शानू खान से हुई। आरोपी ने मदद का नाटक कर महिला को भरोसे में लिया और फिर एक दिन अकेला पाकर उसके साथ बलात्कार किया। जब महिला ने विरोध किया, तो उसने धमकी दी कि वह समाज में उसकी इज्जत को खत्म कर देगा। डर और लोकलज्जा के कारण महिला चुप रही। लेकिन यहीं से शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग और शारीरिक शोषण का सिलसिला। आरोपी ने महिला के साथ कई बार दुष्कर्म किया और यहां तक कि उसे दो बार गर्भपात करवाने पर मजबूर किया।

‘अब बेटी को अकेला छोड़ने की बात करने लगा’ 

पीड़िता का कहना है कि अब आरोपी की नजर उसकी नाबालिग बेटी पर पड़ने लगी थी। वह बार-बार महिला से कहने लगा कि बेटी को घर में अकेला छोड़कर जाया करे। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने फिर उसे बदनाम करने की धमकी दी। यहीं पर महिला को उसकी घिनौनी मानसिकता का एहसास हुआ।

‘अब चुप नहीं बैठूंगी’-महिला ने दर्ज कराई FIR 

काफी हिम्मत जुटाकर महिला अधारताल थाना पहुंची और शमीम उर्फ शानू खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर लिया है, हालांकि आरोपी अब फरार है और उसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अन्य बातों का पता चल पाएगा।