मंडी, हिमाचल. मकर संक्रांति पर तत्तापानी में 14 जनवरी को आयोजित भव्य मेले में 1995 किलो खिचड़ी बनाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड रचा गया। मकर संक्रांति पर इस मेले का विशेष महत्व होता है। तत्तापानी को ऋषि जमदगनी की तपोस्थली माना जाता है। यहां हजारों की संख्या में लोगों ने गर्म पानी के चश्मों में डुबकी लगाई। मकर संक्रांति पर यहां तीन दिनों तक धार्मिक आयोजन होते हैं। यहां सिर्फ हिमाचल नहीं, दूसरे राज्यों से भी लोग पहुंचते हैं। माना जाता है कि मकर संक्रांति पर यहां नहाने से तमाम तरह के चर्म रोग दूर हो जाते हैं। वहीं, श्रद्धालु अपने ग्रहों के दोष दूर करने तुलादान भी करते हैं। यहां सतलुज नदी बहती है। यह आयोजन हिमाचल पर्यटन विभाग कराता है। इस बार 4 फीट ऊंचे और 6 फीट चौड़े पतीले में खिचड़ी बनाई गई। यह बर्तन हरियाणा से लाया गया था। खिचड़ी बनाने में करीब 5 घंटे का समय लगा। चूल्हे से बर्तन को उतारने क्रेन की मदद ली गई। यह खिचड़ी करीब 25000 लोगों में बांटी गई।