Bihar Chunav 2025: चिराग पासवान के 243 सीटों पर चुनाव लड़ने के दावे पर जीतन राम मांझी ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि ताकतवर लोग खुद को साबित करते हैं, सिर्फ़ दावे नहीं करते। मांझी ने कहा कि उनकी पार्टी अनुशासित है और NDA में बनी रहेगी।

Patna News: 8 जून को केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने आरा में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) द्वारा आयोजित रैली को संबोधित करते हुए बिहार की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा किया था। अब इस पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने प्रतिक्रिया दी है। जीतन मांझी का कहना है कि जो लोग खुद को ताकतवर समझते हैं, वे दुनिया को दिखाने के लिए कुछ न कुछ कहते रहते हैं, लेकिन जो वास्तव में ताकतवर होता है, वह कुछ नहीं बोलता और समय आने पर खुद को साबित करता है। उन्होंने कहा कि हम भाड़े पर भीड़ लाने वालों में से नहीं हैं।

बहुत लोग पैसे से मैनेज करते हैं- जीतन राम मांझी

जीतन राम मांझी ने कहा, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) ने अपने काम से लोगों के दिलों में जगह बनाई है। हमने जहानाबाद, गया, पटना के गांधी मैदान और जमालपुर आदि जगहों पर अपनी ताकत दिखाई है। हमारी सभाओं में लाखों लोग आते हैं। चिराग पासवान पर निशाना साधते हुए कहा कि बहुत लोग पैसे से मैनेज करते हैं।

"एनडीए की सरकार ही बनेगी"

उन्होंने कहा कि समय आने पर हम दिखा देंगे कि जनता का समर्थन क्या होता है। हम अनुशासित पार्टी हैं। हम अनुशासित रहते हैं। 2024 का जिक्र करते हुए जीतन राम मांझी ने कहा, तब कहा गया था कि हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को 2 लोकसभा और एक राज्यसभा की सीट दी जाएगी, जिसे हमने पत्थर की लकीर मानकर स्वीकार कर लिया। आप लोग भी देख रहे होंगे कि हमें क्या मिला। हम चुप रहे और कुछ नहीं बोले। हम अनुशासित रहेंगे और एनडीए की सरकार ही बनेगी। नीतीश कुमार ही रहेंगे।

"एनडीए को ज़्यादा से ज़्यादा वोट मिले"

भारत का विकास होगा और बिहार का विकास होगा। उन्होंने कहा, "जो लोग यह कहना चाहते हैं कि हमें इतनी सीटें चाहिए, उन्हें बधाई, हम हर जगह तैयारी कर रहे हैं। हम कहीं लड़ेंगे, कहीं दूसरों को लड़ाएंगे। हमारी प्राथमिकता है कि एनडीए को ज़्यादा से ज़्यादा वोट मिले। जब हम इमामगंज में चुनाव लड़े थे, तो कुछ लोग नहीं गए थे। हम उनमें से नहीं हैं। हम सीधे एनडीए को वोट देने के लिए कहेंगे। हम सरल राजनीति जानते हैं."