India vs England U-19 Yesterday Match Result: भारत बनाम इंग्लैंड अंडर-19 के फाइनल मुकाबले में कल का मैच कौन जीता, मैच का पूरा रिजल्ट, अहम लम्हे, दमदार रिकॉर्ड्स, एनालिसिस और हाइलाइट्स यहां जानें।

Ind vs Eng U19 Final Match Result: हरारे में खेले गए अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 100 रन से हराकर छठी बार खिताब अपने नाम किया। इस जीत के हीरो 14 साल के वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में सिर्फ 80 गेंदों में 175 रन की ऐतिहासिक पारी खेली। इस पारी में वैभव ने 15 चौके और 15 ही छक्के लगाए। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 9 विकेट खोकर 411 रन बनाए। जबाव में इंग्लैंड की टीम 311 रन पर ऑलआउट हो गई।

प्लेयर ऑफ द मैच बने 14 साल के वैभव सूर्यवंशी

इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से यह साबित कर दिया कि वह बड़े मैचों के खिलाड़ी हैं। उनकी इस पारी ने न सिर्फ भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, बल्कि इंग्लैंड के गेंदबाजों को पूरी तरह बेबस कर दिया। शानदार प्रदर्शन के लिए वैभव सूर्यवंशी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। जिस तरह उन्होंने दबाव में बल्लेबाजी की, उसने यह संकेत दे दिया कि भविष्य में उन्हें सीनियर टीम में भी मौका मिलना तय है।

U19 वर्ल्ड कप नॉकआउट में पहली 150+ पारी

वैभव सूर्यवंशी की यह पारी अंडर-19 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों में किसी भी खिलाड़ी का पहला 150+ स्कोर है। इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन के नाम था, जिन्होंने 2014 के क्वार्टर फाइनल में 143 रन बनाए थे।

U19 वर्ल्ड कप में सबसे कम उम्र में शतक

14 साल और 316 दिन की उम्र में शतक लगाकर वैभव सूर्यवंशी अंडर-19 वर्ल्ड कप में सबसे कम उम्र में सेंचुरी लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड पाकिस्तान के बाबर आजम के नाम था, जिन्होंने 2010 में 15 साल 92 दिन की उम्र में शतक लगाया था। इसके साथ ही वैभव ने अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में उन्मुक्त चंद के नाबाद 111 रन (2012) का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।

ये भी देखें : U-19 World Cup Winner (1988-2026): 38 साल में कौन कितने बार जीता अंडर-19 वर्ल्ड कप, देखें पूरी लिस्ट

55 गेंदों में शतक, सबसे तेज 150 का रिकॉर्ड

सूर्यवंशी ने सिर्फ 55 गेंदों में शतक पूरा कर U19 वर्ल्ड कप इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक लगाया। उनसे तेज शतक सिर्फ ऑस्ट्रेलिया के विल मलायचुक (51 गेंद) ने इसी टूर्नामेंट में लगाया है। वहीं 71 गेंदों में 150 रन पूरे कर उन्होंने अंडर-19 स्तर पर सबसे तेज 150 का रिकॉर्ड भी बना दिया।

स्ट्राइक रेट और छक्कों में भी नया इतिहास

175 रन की इस पारी में सूर्यवंशी का स्ट्राइक रेट 218.75 रहा, जो U19 वर्ल्ड कप में कम से कम 50 गेंद खेलने वाली किसी भी पारी का सबसे ऊंचा स्ट्राइक रेट है। उन्होंने 15 छक्के लगाए, जो अंडर-19 वनडे के इतिहास में एक पारी में सबसे ज्यादा हैं। वैभव सूर्यवंशी ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान 30 छक्के लगाए, जो अंडर-19 वर्ल्ड कप इतिहास में किसी भी खिलाड़ी द्वारा सबसे ज्यादा हैं। अंडर-19 की 25 वनडे पारियों में उनके कुल 110 छक्के हो चुके हैं, जो दूसरे नंबर पर मौजूद खिलाड़ी से डबल हैं।

टूर्नामेंट में 439 रन, लगातार 50+ स्कोर

इस वर्ल्ड कप में सूर्यवंशी ने चार 50+ पारियां खेलीं और सभी पारियों में उनका स्ट्राइक रेट 100 से ज्यादा का रहा। ऐसा करने वाले वह पहले खिलाड़ी बने। टूर्नामेंट में उनके कुल 439 रन रहे। फाइनल में सूर्यवंशी की ऐतिहासिक पारी की बदौलत भारत ने 50 ओवर में 411/9 रन बनाए। यह U19 वर्ल्ड कप नॉकआउट इतिहास का पहला 350+ स्कोर है। इससे पहले भारत का 349/6 (2016 क्वार्टर फाइनल बनाम नामीबिया) सर्वोच्च स्कोर था।

फाइनल और टूर्नामेंट में भारत का दबदबा

फाइनल में इससे पहले सबसे बड़ा स्कोर ऑस्ट्रेलिया का 253/7 (2024) था। कुल मिलाकर यह भारत का अंडर-19 वर्ल्ड कप इतिहास में तीसरा 400+ स्कोर है। किसी भी अन्य टीम ने ऐसा सिर्फ एक बार किया है।