अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ T20 वर्ल्ड कप 2026 फाइनल से पहले, टीम इंडिया ने अपना होटल और ड्रेसिंग रूम बदल दिया है। यह कदम नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मिली पिछली हार, खासकर 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल की बुरी यादों से बचने और खिताबी मुकाबले के लिए नई ऊर्जा लाने के मकसद से उठाया गया है।
मौजूदा चैंपियन टीम इंडिया, T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले के लिए शुक्रवार को मुंबई से अहमदाबाद पहुंच गई है। यह खिताबी मुकाबला रविवार, 8 मार्च को गुजरात के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला जाएगा। 'मेन इन ब्लू' ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड को 7 रनों से हराकर रिकॉर्ड चौथी बार T20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इस मैच में जोकब बेथेल के तूफान से बाल-बाल बची। बेथेल ने सिर्फ 48 गेंदों पर 105 रनों की तूफानी पारी खेलकर लगभग मैच भारत से छीन ही लिया था। लेकिन आखिरी ओवर्स में भारतीय गेंदबाजों ने संयम दिखाते हुए 7 रन से रोमांचक जीत दर्ज की और फाइनल का टिकट पक्का किया।
टीम इंडिया उसी मैदान पर लौटी है, जहां उसे टूर्नामेंट के सुपर 8 स्टेज में दक्षिण अफ्रीका से हार का सामना करना पड़ा था। इतना ही नहीं, नरेंद्र मोदी स्टेडियम से टीम की कड़वी यादें भी जुड़ी हैं, जब 2023 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने उसे हराया था।
T20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले होटल बदला
टीम इंडिया और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) इस मैदान से जुड़ी निगेटिव यादों को पूरी तरह मिटाना चाहते हैं। इसीलिए, टीम को उस होटल में नहीं ठहराया गया, जहां वह इस टूर्नामेंट में पहले अहमदाबाद दौरे के दौरान रुकी थी।
प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, 'मेन इन ब्लू' को ITC नर्मदा होटल में नहीं ठहराया गया है। 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल के दौरान टीम इसी होटल में रुकी थी। इसकी जगह, टीम अहमदाबाद पहुंचने पर ताज स्काईलाइन होटल में शिफ्ट हो गई है, ताकि न्यूजीलैंड के खिलाफ बड़े मुकाबले से पहले एक नई ऊर्जा लाई जा सके। BCCI ने टीम मैनेजमेंट से सलाह-मशविरा कर यह फैसला लिया, ताकि इस हाई-स्टेक मैच से पहले किसी भी तरह का पुराना बोझ न रहे।
सुपर 8 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच के दौरान भी भारतीय टीम ITC नर्मदा में ही रुकी थी। लेकिन फाइनल के लिए, टीम ने नई शुरुआत के तहत अपना बेस ताज स्काईलाइन में शिफ्ट कर लिया है।
दिलचस्प बात यह है कि इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल से पहले, टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने पारंपरिक मान्यताओं के चलते चंद्र ग्रहण के दौरान ट्रेनिंग नहीं की थी। मैच के दौरान किसी भी तरह की बदकिस्मती से बचने के लिए प्रैक्टिस सेशन को एक घंटे के लिए टाल दिया गया था, जिस पर फैंस और एक्सपर्ट्स के बीच काफी बहस हुई थी।
ड्रेसिंग रूम की भी अदला-बदली
होटल बदलने के अलावा, भारतीय टीम ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अपना ड्रेसिंग रूम भी बदलने का फैसला किया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल से पहले पुरानी यादों को तोड़ने के लिए टीम ने मेहमान टीम (visiting team) को मिलने वाला ड्रेसिंग रूम चुना है। अब 'ब्लैक कैप्स' यानी न्यूजीलैंड की टीम घरेलू टीम (home team) के ड्रेसिंग रूम का इस्तेमाल करेगी।
भारत को जो ड्रेसिंग रूम अलॉट हुआ था, वो वही था जिसका इस्तेमाल टीम ने 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार और T20 वर्ल्ड कप 2026 सुपर 8 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार के दौरान किया था। इन्हीं बुरी यादों को देखते हुए टीम मैनेजमेंट और BCCI ने फाइनल के लिए ड्रेसिंग रूम बदलने का फैसला किया।

रविवार को इतिहास दांव पर होगा। टीम इंडिया पहली ऐसी टीम बनना चाहेगी जो T20 वर्ल्ड कप का खिताब सफलतापूर्वक डिफेंड करे और रिकॉर्ड तीसरी बार चैंपियन बने। यही नहीं, आज तक किसी भी टीम ने अपनी घरेलू जमीन पर T20 वर्ल्ड कप नहीं जीता है। ऐसे में 'मेन इन ब्लू' के पास घरेलू दर्शकों के सामने इतिहास रचने का सुनहरा मौका होगा।
दूसरी ओर, न्यूजीलैंड की टीम सभी फॉर्मेट में अपना पहला ICC वर्ल्ड कप खिताब जीतने का लक्ष्य लेकर उतरेगी। वे उम्मीद कर रहे होंगे कि इस बार फाइनल में हारने का सिलसिला टूटे।


