टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में इंग्लैंड के जैकब बेथेल ने 48 गेंदों पर 105 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। भारत ने मैच जीतकर फाइनल में जगह बना ली है, जहां 8 मार्च को अहमदाबाद में न्यूजीलैंड से उसका मुकाबला होगा।
IND vs ENG Match Result: टी20 वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को हरा दिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 7 विकेट खोकर 253 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में अंग्रेजों ने भी इतने ही विकेट खोकर 246 रन बनाए। इस तरह टीम इंडिया ने मैच को जीतकर फाइनल की टिकट बुक कर ली। भारत की ओर से 89 रन की शानदार पारी खेलने के लिए ओपनर संजू सैमसन को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। पिछले मैच में भी उन्होंने ये अवॉर्ड जीता था। तब वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार 97 रनों की पारी खेली थी।
England Run Chase: शुरुआत रही कमजोर
254 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट सिर्फ 5 रन बनाकर हार्दिक पंड्या की गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद हैरी ब्रूक भी ज्यादा देर टिक नहीं पाए और 7 रन बनाकर जसप्रीत बुमराह की गेंद पर अक्षर पटेल को कैच दे बैठे। इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर अच्छी लय में दिख रहे थे, लेकिन वह भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके। बटलर 25 रन बनाकर स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर बोल्ड हो गए। उस समय इंग्लैंड का स्कोर 64 रन पर 3 विकेट था।
Axar Patel Wicket: टॉम बैंटन को भेजा पवेलियन
टॉम बैंटन ने अक्षर पटेल की गेंद पर दो शानदार छक्के लगाए और तेजी से रन बनाने की कोशिश की। लेकिन भारतीय टीम के उपकप्तान अक्षर पटेल ने जल्द ही उन्हें आउट कर दिया। बैंटन 17 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
बेथेल और विल जैक्स की पार्टनरशिप
लगातार विकेट गिरने के बावजूद जैकब बेथेल ने इंग्लैंड की रन गति को बनाए रखा। उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 19 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया। इस दौरान बेथेल ने 5 छक्के और 3 चौके लगाए। बेथेल और विल जैक्स के बीच पांचवें विकेट के लिए 77 रन की अहम साझेदारी हुई, जिसने इंग्लैंड को मैच में वापस लाने की कोशिश की।
Arshdeep Singh Breakthrough: टूटी अहम साझेदारी
भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने इंग्लैंड की इस साझेदारी को तोड़ा। उन्होंने विल जैक्स को आउट करके बेथेल और जैक्स के बीच चल रही 77 रन की साझेदारी का अंत किया। जब जैक्स आउट हुए, उस समय इंग्लैंड का स्कोर 172 रन पर 5 विकेट था।
Bumrah and Hardik Overs: मैच का टर्निंग पॉइंट
इसके बाद जैकब बेथेल ने अंत तक संघर्ष जारी रखा और टीम को जीत दिलाने की कोशिश की। हालांकि भारतीय गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या ने डेथ ओवर्स में शानदार गेंदबाजी की। खास तौर पर 18वां और 19वां ओवर मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। इन ओवरों में कसी हुई गेंदबाजी के कारण इंग्लैंड लक्ष्य के करीब पहुंचने के बावजूद जीत हासिल नहीं कर पाया।


