T20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल और फाइनल के लिए रिजर्व डे रखा गया है। अगर बुधवार को मैच नहीं हो पाता है, तो पहले 90 मिनट के एक्स्ट्रा टाइम में उसे पूरा करने की कोशिश होगी। इसके बाद भी नतीजा न निकलने पर मैच अगले दिन होगा।
कोलकाता: T20 वर्ल्ड कप का पहला सेमीफाइनल मुकाबला कल कोलकाता के ईडन गार्डन्स में साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। दोनों ही टीमें टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में हैं, लेकिन इस बड़े मैच पर बारिश का साया मंडरा रहा है। ऐसे में फैंस के मन में सवाल है कि अगर बारिश ने खेल बिगाड़ा तो क्या होगा।
ICC ने सुपर-8 स्टेज से अलग, सेमीफाइनल और फाइनल के लिए रिजर्व डे रखा है। नियम के मुताबिक, अगर बुधवार को मैच तय समय पर पूरा नहीं हो पाता, तो पहले 90 मिनट का अतिरिक्त समय इस्तेमाल किया जाएगा। अगर तब भी मैच पूरा नहीं हुआ, तो इसे अगले दिन यानी गुरुवार को वहीं से शुरू किया जाएगा, जहां बुधवार को रुका था।
अगर रिजर्व डे पर भी बारिश की वजह से खेल नहीं हो पाता है, तो विजेता का फैसला करने के लिए कोई सुपर ओवर या टॉस नहीं होगा। ऐसी स्थिति में, सुपर-8 स्टेज में टीमों के प्रदर्शन को देखा जाएगा। साउथ अफ्रीका सुपर-8 के ग्रुप-1 में अपने तीनों मैच जीतकर 6 पॉइंट्स के साथ टॉप पर रही थी। वहीं, न्यूजीलैंड ग्रुप-2 में 3 पॉइंट्स के साथ दूसरे नंबर पर थी। इसलिए, अगर मैच पूरी तरह रद्द होता है, तो साउथ अफ्रीका सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी।
साउथ अफ्रीका इस टूर्नामेंट में अब तक एक भी मैच नहीं हारी है। सुपर-8 में भारत जैसी मजबूत टीम को हराने से उनका आत्मविश्वास काफी बढ़ा हुआ है। दूसरी तरफ, न्यूजीलैंड ग्रुप स्टेज में साउथ अफ्रीका से मिली हार का बदला लेने के इरादे से उतरेगी। हालांकि, फैंस के लिए राहत की बात यह है कि मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को कोलकाता में बारिश की संभावना काफी कम है।


