सार
MI vs LSG: ऋषभ पंत का बल्ला आईपीएल 2025 में अभी तक शांत ही है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ भी वो सिंगल डिजिट स्कोर में आउट हो गए। जिसके बाद टीम को 54 रनों से हार झेलनी पड़ी।
Rishabh Pant trolled: मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जाइंट्स के बीच आईपीएल 2025 का 45वां मुकाबला वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया। जहां MI ने 54 रनों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई के बल्लेबाजों ने 20 ओवर में 215 रनों का विशाल स्कोर बनाया। जिसका पीछा करती हुई लखनऊ की टीम 161 रनों पर सिमट गई। इस मुकाबले में भी LSG के कप्तान ऋषभ पंत का बल्ला नहीं चला। उन्होंने केवल 4 रन बनाए और पवेलियन की ओर निकल पड़े। ये इस सीजन पहली बार नहीं है, जब पंत के बल्ले से रन नहीं निकले। शुरुआत से ही वह बड़ी पारी खेलने में असमर्थ रहे हैं। ऐसे में वो अब फैंस के निशाने पर आ गए हैं।
आईपीएल 2025 में ऋषभ पंत का बल्ला कुछ कमाल नहीं कर पाया है। लखनऊ सुपर जाइंट्स ने उन्हें मेगा ऑक्शन में 27 करोड़ रुपए की बड़ी राशि देकर टीम में रखा और कप्तान भी बनाया। लेकिन, उन्होंने उस तरह का प्रदर्शन करके दिखाया, जैसा इस खिलाड़ी से सभी को उम्मीद थी। LSG जब 216 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी, तो टीम के सलामी बल्लेबाज एडन मारक्रम 9 रन बनाकर आउट हो गए। उसके बाद निकोलस पूरन और मिचेल मार्श ने पारी को संभाला और तेज गति से रन बनाने लगे। दोनों के बीच 21 गेंदों पर 42 रनों की विस्फोटक साझेदारी हुई थी, कि उसी समय पूरन 15 में 27 बनाकर विल जैक्स के शिकार बन गए।
मुंबई इंडियंस के सामने भी पंत की एक न चली
पूरन के विकेट गिरने के बाद ऋषभ पंत नंबर 4 पर बल्लेबाजी करने आए। उस समय टीम को एक अच्छी साझेदारी की सख्त जरूरत थी। क्रीज पर मिचेल मार्श सामने खड़े थे और अच्छी लय में नजर आ रहे थे। उनका साथ देने आए कप्तान पंत ने विल जैक्स की पहली गेंद पर चौका लगा दिया। उसके बाद ऐसा लगा, कि आज उनका बल्ला चलने वाला है। लेकिन, तुरंत अगली ही गेंद पर वो सीधे कर्ण शर्मा के हाथों में मार बैठे और अपने साथ-साथ टीम को भी मझधार में छोड़ गए। जिसके बाद फैंस उनसे नाराज होकर सोशल मीडिया पर ट्रोल करने लगे।
IPL 2025 में पूरी तरह से फ्लॉप दिखे हैं ऋषभ पंत
ऋषभ पंत के बल्ले से IPL 2025 में कुल 9 पारियों में 110 रन निकले हैं। जिसमें दो बार वो बिना खाता खोले ही आउट हुए, जबकि 4 पारियों में सिंगल डिजिट में अपना विकेट गंवाया। हालांकि, चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ उन्होंने 49 गेंदों पर 63 रन बनाए थे, लेकिन उसमें भी टीम को हार मिली थी। उनकी पारियों पर नजर डालें, तो 0,15,2,2,21,63,3,0,4 रहा है। यह देखने में किसी मोबाइल नंबर की तरह लग रहा है। ऐसे में लगातार पंत के अप्रोच पर सवाल उठ रहे हैं।