IPL 2026 Opening Match Result: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से हराकर सीजन की धमाकेदार शुरुआत की। विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल की तूफानी बैटिंग के आगे SRH का 201 रन का स्कोर भी छोटा पड़ गया। देखिए फुल मैच हाइलाइट्स... 

SRH vs RCB Match Result: IPL के 19वें सीजन का आगाज बिल्कुल वैसा ही हुआ जैसा बेंगलुरु के फैंस चाहते थे। डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने शनिवार को अपने घर चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 6 विकेट से धूल चटा दी। हैदराबाद ने बोर्ड पर 201 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया था, लेकिन बेंगलुरु के बल्लेबाजों ने इसे बौना साबित कर दिया और महज 15.4 ओवर में ही जीत छीन ली।

कोहली और पडिक्कल का तूफान

202 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी RCB की शुरुआत शानदार रही। भले ही फिल सॉल्ट जल्दी आउट हो गए, लेकिन उसके बाद जो हुआ उसने हैदराबाद के गेंदबाजों के पसीने छुड़ा दिए। देवदत्त पडिक्कल ने तो जैसे गेंदबाजों की क्लास लगा दी। पडिक्कल ने सिर्फ 21 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की और कुल 61 रन (26 गेंद) कूट दिए। किंग कोहली ने एक बार फिर दिखाया कि उन्हें चेज मास्टर क्यों कहते हैं। कोहली ने 38 गेंदों में नाबाद 69 रन बनाए, जिसमें 5 छक्के और 5 चौके शामिल थे। उन्होंने हर्षल पटेल के ओवर में चौके-छक्कों की बरसात कर मैच खत्म किया।

ईशान किशन की मेहनत पर फिरा पानी

इससे पहले, टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। जेकब डफी ने पावरप्ले में ही झटके दे दिए थे। लेकिन कप्तान ईशान किशन ने मोर्चा संभाला और 38 गेंदों में 80 रनों की तूफानी पारी खेली। अनिकेत वर्मा ने भी आखिरी ओवरों में 43 रन जोड़कर टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया, पर बेंगलुरु की बैटिंग के आगे यह भी कम पड़ गया।

RCB vs SRH मैच के हाईलाइट्स

  • मैच शुरू होने से पहले पिछले साल बेंगलुरु में हुई भगदड़ के पीड़ितों की याद में 2 मिनट का मौन रखा गया।
  • 8वें ओवर में हेनरिक क्लासेन ने विराट कोहली का कैच छोड़ दिया, जो हैदराबाद को बहुत भारी पड़ा।
  • फिल सॉल्ट ने एक हाथ से झपट्टा मारकर ईशान किशन का जो कैच पकड़ा, उसे सीजन का बेस्ट कैच कहा जा रहा है।
  • RCB ने पहले 6 ओवर में ही 76 रन ठोक कर जीत की नींव रख दी थी।

RCB vs SRH स्कोरकार्ड

हैदराबाद का स्कोर और टॉप परफॉर्मर: 201/9

ईशान किशन- 80 रन

अनिकेत- 43 रन

डेविड पेन- 2/35

बेंगलुरु का स्कोर और टॉप परफॉर्मर: 203/4

विराट कोहली- 69 रन नाबाद

पडिक्कल- 61 रन

रजत पाटीदार- 31 रन

जेकब डफी- 3/22

शेफर्ड- 3/54