टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान ने नामीबिया को 102 रनों से हराकर सुपर 8 में जगह पक्की की। साहिबजादा फरहान के नाबाद शतक (100) से पाकिस्तान ने 199 रन बनाए। जवाब में नामीबिया की टीम 97 रनों पर सिमट गई।

कोलंबो: टी20 वर्ल्ड कप में नामीबिया को 102 रनों से हराकर पाकिस्तान ने सुपर 8 में अपनी जगह पक्की कर ली है। कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड में हुए इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में तीन विकेट खोकर 199 रन बनाए। साहिबजादा फरहान ने 58 गेंदों में 100 रन बनाकर नाबाद रहे और पाकिस्तान को एक बड़े स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में नामीबिया की टीम 17.3 ओवर में 97 रन पर ऑलआउट हो गई। उस्मान तारिक ने चार और शादाब खान ने तीन विकेट लिए। सुपर 8 के ग्रुप 2 में पाकिस्तान का मुकाबला न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और श्रीलंका से होगा।

जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी नामीबिया की टीम में सिर्फ लॉरेन स्टीनकैंप (23) और अलेक्जेंडर वोल्शेंक (20) ही दहाई का आंकड़ा छू सके। आउट होने वाले दूसरे बड़े खिलाड़ियों में जान फ्रिलिंक (9), जान निकोल लॉफ्टी (5), गेरहार्ड इरास्मस (7), जेजे स्मिट (9) और जेन ग्रीन (7) शामिल थे।

इससे पहले, पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने शुरुआत में ही सईम अयूब (14) का विकेट खो दिया था। इसके बाद सलमान आगा (23 गेंदों में 38) और फरहान की जोड़ी ने 67 रन जोड़े। लेकिन 13वें ओवर में आगा आउट हो गए। उनके बाद आए ख्वाजा नफे (5) ने निराश किया। लेकिन फिर शादाब खान (22 गेंदों में 36) के साथ मिलकर फरहान ने पाकिस्तान को एक विशाल स्कोर तक पहुंचाया। फरहान ने अपनी 58 गेंदों की पारी में चार छक्के और 11 चौके लगाए।