IPL में दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को 265 रनों का लक्ष्य दिया। केएल राहुल के नाबाद 152 और नीतीश राणा के 91 रनों की मदद से दिल्ली ने 20 ओवर में 264/2 रन बनाए। दोनों के बीच 220 रनों की विस्फोटक साझेदारी हुई।

नई दिल्ली: IPL में दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स के सामने 265 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य रखा है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए दिल्ली ने केएल राहुल के नाबाद शतक और नीतीश राणा की तूफानी फिफ्टी की बदौलत 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 264 रन बनाए। राहुल ने सिर्फ 47 गेंदों में सेंचुरी पूरी की और 67 गेंदों पर 152 रन बनाकर नॉटआउट रहे। वहीं, 44 गेंदों में 91 रन बनाने वाले नीतीश राणा 19वें ओवर में आउट हुए। दूसरे विकेट के लिए राहुल और राणा की जोड़ी ने 95 गेंदों में 220 रनों की विस्फोटक साझेदारी की।

इससे पहले, जब राहुल 6 गेंदों पर 12 रन बनाकर खेल रहे थे, तब अर्शदीप सिंह की गेंद पर बाउंड्री पर शशांक सिंह ने उनका आसान सा कैच टपका दिया। यह कैच छोड़ना पंजाब को बहुत महंगा पड़ा। टॉस जीतकर बैटिंग करने उतरी दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही और तीसरे ओवर में ही ओपनर पाथुम निसांका (11) का विकेट गिर गया। लेकिन इसके बाद क्रीज पर आए राहुल और राणा ने मैच का पूरा कंट्रोल अपने हाथ में ले लिया। पावरप्ले में दोनों ने मिलकर दिल्ली का स्कोर 68 रन तक पहुंचा दिया। दसवें ओवर में दिल्ली ने 100 का आंकड़ा पार किया। पहले 10 ओवर में दिल्ली का स्कोर 102-1 था, लेकिन इसके बाद राहुल और राणा ने गियर बदल दिया। अगले पांच ओवरों में दोनों ने मिलकर 87 रन ठोक डाले। जेवियर बार्टलेट के 12वें ओवर में नीतीश राणा ने 28 रन बटोरे, जिसमें दो छक्के और चार चौके शामिल थे। इसी ओवर में राणा ने अपनी फिफ्टी भी पूरी की।

View post on Instagram

राहुल ने 26 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की। 15वें ओवर में मार्को यानसेन की गेंद पर चौका लगाकर राहुल ने 47 गेंदों में अपना छठा IPL शतक पूरा किया। शतक के बाद तो राहुल और भी खतरनाक हो गए। उन्होंने विजयकुमार वैशाख के 16वें ओवर में लगातार तीन छक्के जड़े और कुल 24 रन बटोरे। 17वें ओवर में चहल की गेंद पर नीतीश राणा का कैच बाउंड्री पर स्टॉइनिस ने पकड़ा, लेकिन उनका पैर बाउंड्री लाइन से छू गया, जिस वजह से छक्का दिया गया। आखिरकार 19वें ओवर में बार्टलेट ने इस साझेदारी को तोड़ा और नीतीश राणा को आउट किया। लेकिन तब तक दिल्ली 250 के करीब पहुंच चुकी थी।

View post on Instagram