शनिवार को दो IPL मैच हैं। पहले मुकाबले में मजबूत पंजाब किंग्स का सामना दिल्ली कैपिटल्स से 3:30 बजे होगा। दूसरे मैच में राजस्थान रॉयल्स, सनराइजर्स हैदराबाद से पिछली हार का बदला लेने उतरेगी। यह मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा।

नई दिल्ली: पंजाब किंग्स की टीम इस सीजन में शानदार फॉर्म में है और जीत की पटरी पर दौड़ रही है। लीग का आधा सफर अभी बाकी है, लेकिन टीम ने प्ले-ऑफ की तरफ मजबूती से कदम बढ़ा दिए हैं। शनिवार को उसका मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स से होगा, जिसमें पंजाब एक और दमदार प्रदर्शन करना चाहेगी। इस सीजन में पंजाब ने गजब का आत्मविश्वास और संतुलन दिखाया है। टीम की बैटिंग और बॉलिंग दोनों ही मजबूत दिख रही है, इसलिए इस मैच में भी पंजाब को फेवरेट माना जा रहा है। दूसरी तरफ, दिल्ली कैपिटल्स की टीम है, जो 6 में से 3 मैच हार चुकी है। पिछले मैच में उसे सनराइजर्स के खिलाफ करारी हार का सामना करना पड़ा था। दिल्ली के लिए सबसे बड़ी चुनौती अपने खेल में निरंतरता बनाए रखना है।

मैच दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा। इसका सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स पर होगा।

आज वैभव vs अभिषेक: छक्कों की बारिश की उम्मीद

जयपुर: शनिवार को दूसरे मैच में राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीमें आमने-सामने होंगी। इस मुकाबले को भारत के दो विस्फोटक ओपनर बल्लेबाजों- वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक वर्मा के बीच की टक्कर के तौर पर भी देखा जा रहा है। दोनों ही इस सीजन में शानदार फॉर्म में हैं और फैंस को उनसे एक और धमाकेदार पारी की उम्मीद है।

रॉयल्स और सनराइजर्स दूसरी बार आमने-सामने

इस सीजन में ये दोनों टीमें दूसरी बार भिड़ रही हैं। 13 अप्रैल को हुए पिछले मैच में सनराइजर्स ने 57 रनों से जीत हासिल की थी। उस मैच में प्रफुल हिंगे ने शानदार गेंदबाजी की थी। अब राजस्थान रॉयल्स उस हार का बदला लेने के इरादे से मैदान में उतरेगी। राजस्थान अपनी छठी जीत दर्ज करना चाहेगी, जबकि सनराइजर्स की नजर अपनी पांचवीं जीत पर होगी।

मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा। इसका सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स पर होगा।