SRH कप्तान पैट कमिंस के शुरुआती IPL मैचों से बाहर रहने की आशंका है। उनकी जगह ईशान किशन टीम की कमान संभालेंगे। हालिया कप्तानी अनुभव और शानदार फॉर्म के कारण उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है।
नई दिल्ली: IPL सीजन शुरू होने से पहले सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के लिए एक बड़ा सवाल था कि अगर कप्तान पैट कमिंस शुरुआती मैचों में नहीं खेले, तो टीम की कमान कौन संभालेगा? अब इस सवाल का जवाब मिलता दिख रहा है। पहले ऐसी खबरें थीं कि कमिंस की जगह विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा कप्तान बन सकते हैं, लेकिन अब जो रिपोर्ट सामने आ रही है, उसके मुताबिक वर्ल्ड कप में भारत को जीत दिलाने वाले विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन शुरुआती मैचों में हैदराबाद की कप्तानी करेंगे। माना जा रहा है कि सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में झारखंड को चैंपियन बनाने वाली उनकी कप्तानी ने ही उन्हें इस रेस में आगे किया है।
दरअसल, एशेज सीरीज के दौरान कमिंस को चोट लगी थी और वो अब तक पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इसी वजह से 27 साल के ईशान को कप्तानी के लिए चुना जा रहा है, क्योंकि कमिंस का IPL के शुरुआती मैच खेलना तय नहीं है। वो टीम के साथ कब जुड़ेंगे, इस पर भी अभी कोई साफ जानकारी नहीं है।
कप्तानी की दौड़ में अभिषेक शर्मा का नाम भी चल रहा था, लेकिन ईशान किशन के हालिया फॉर्म और कप्तानी के अनुभव ने उन्हें सबसे आगे कर दिया। ईशान ने अपनी कप्तानी में झारखंड को पहली बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जिताई थी। इस टूर्नामेंट में वो 197.33 की स्ट्राइक रेट से 517 रन बनाकर टॉप स्कोरर भी रहे। T20 वर्ल्ड कप में भारत की जीत में भी ईशान ने अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने वर्ल्ड कप और न्यूजीलैंड सीरीज में कुल मिलाकर 207 की स्ट्राइक रेट से 532 रन बनाए थे, जो दिखाता है कि वो शानदार फॉर्म में हैं।
टीम के लिए एक अच्छी बात ये है कि ईशान के आने से अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड की सफल ओपनिंग जोड़ी को छेड़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी। ईशान नंबर तीन पर बल्लेबाजी कर सकते हैं। पिछले सीजन में ईशान हैदराबाद के लिए खेले थे, लेकिन कुछ मैचों को छोड़कर उनका प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं रहा था। हालांकि, घरेलू क्रिकेट और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने दमदार प्रदर्शन से उन्होंने अब टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है। हैदराबाद का पहला मैच 28 मार्च को बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ है।


