वैभव सूर्यवंशी ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 16 गेंदों में 43 रन बनाकर शानदार शुरुआत दी। इस पारी में उन्होंने 5 छक्के लगाए। इसके साथ ही वो कीरोन पोलार्ड के सबसे तेज 100 छक्कों के रिकॉर्ड से बस एक कदम दूर रह गए हैं।
वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपने आक्रामक अंदाज से सबका ध्यान खींचा। राजस्थान रॉयल्स के इस 15 साल के युवा खिलाड़ी ने अपनी टीम को तेज शुरुआत देने की आदत डाल ली है। पंजाब किंग्स के खिलाफ 223 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने सिर्फ 16 गेंदों में 43 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी में 5 छक्के और 3 चौके शामिल थे। इस मैच में सूर्यवंशी भले ही अपने अर्धशतक से चूक गए, लेकिन वेस्टइंडीज के धुरंधर प्लेयर कीरोन पोलार्ड का एक रिकॉर्ड अब भी खतरे में है।
T20 रिकॉर्ड पर नजर: 100 छक्कों से बस एक कदम दूर
सूर्यवंशी ने अपने छोटे से करियर में बड़ा मुकाम हासिल करने की ओर कदम बढ़ा दिया है। उन्होंने 27 पारियों की 511 गेंदों में 99 छक्के लगाए हैं। T20 क्रिकेट में सबसे तेज 100 छक्के लगाने का रिकॉर्ड कीरोन पोलार्ड के नाम है, जिन्होंने 843 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी। अब सवाल यह है कि सूर्यवंशी यह रिकॉर्ड कब तोड़ेंगे। माना जा रहा है कि अगले मैच में पोलार्ड का ये रिकॉर्ड ध्वस्त हो जाएगा।
पंजाब किंग्स का बड़ा स्कोर
मंगलवार को न्यू चंडीगढ़ में खेले गए मुकाबले में पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 222 रन बनाए। टीम के टॉप बल्लेबाजों ने तेज शुरुआत तो दी, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल पाए। प्रभसिमरन सिंह ने 44 गेंदों में 59 रन बनाए। वहीं, प्रियांश आर्य ने 11 गेंदों में 29 रन, जबकि कूपर कॉनली ने 14 गेंदों में 30 रन का योगदान दिया। इस मैच में जहां एक तरफ सूर्यवंशी ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से प्रभावित किया, वहीं स्टोइनिस की विस्फोटक पारी ने पंजाब को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
आखिरी ओवरों में RR की कमजोर गेंदबाजी
राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाज आखिरी ओवरों में दबाव बनाए रखने में नाकाम रहे। आखिरी 3 ओवर में RR के गेंदबाजों ने 55 रन दिए। आखिरी ओवर में ही 24 रन लुटा दिए। बृजेश शर्मा (4 ओवर, 0/42) की स्लोअर बॉल रणनीति उल्टी पड़ गई। इसकी बदौलत पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों ने 20 ओवर में 222 रन का स्कोर खड़ा किया।
222 रन भी डिफेंड नहीं कर पाए पंजाब के गेंदबाज
राजस्थान की शानदार बल्लेबाजी के सामने पंजाब के गेंदबाज बेबस दिखे। PBKS के अर्शदीप सिंह ने अपने 4 ओवर में 68 रन लुटा दिए और उन्हें सिर्फ एक विकेट मिला। इसी तरह, लोकी फर्गुसन ने 4 ओवर में 57 रन लुटाए। उन्हें कोई विकेट भी नहीं मिला। हालांकि, स्पिनर ने अच्छी गेंदबाजी की। युजवेन्द्र चहल ने 4 ओवर में 36 रन देकर 3 विकेट झटके लेकिन वो राजस्थान रॉयल्स को जीत से नहीं रोक पाए।


