आलोचना से प्रेरित श्रेयस अय्यर ने शॉर्ट बॉल की कमजोरी दूर की है। IPL में बतौर कप्तान और बल्लेबाज उनके दमदार प्रदर्शन ने उन्हें भारतीय T20 टीम की कप्तानी का प्रबल दावेदार बना दिया है।

मुंबई: IPL में पंजाब किंग्स को एक के बाद एक जीत दिलाने वाले कप्तान श्रेयस अय्यर ने अपने करियर के सबसे बड़े बदलाव पर खुलकर बात की है। जियो हॉटस्टार के साथ एक इंटरव्यू में श्रेयस ने बताया कि जिन लोगों ने उन्हें कमजोर साबित करने की कोशिश की, उन्हीं की बातों ने उन्हें आज इस मुकाम पर पहुंचाया है। कई सालों से श्रेयस अय्यर की सबसे बड़ी आलोचना यही थी कि वो बाउंसर यानी शॉर्ट पिच गेंदों को खेलने में कमजोर हैं। लेकिन इस बार, उन्होंने दुनिया के बेहतरीन तेज गेंदबाजों में से एक जसप्रीत बुमराह की गेंद पर ही छक्का जड़कर आलोचकों को करारा जवाब दिया।

बल्ले से दिया आलोचकों को जवाब

श्रेयस ने कहा, "मैंने सुना था कि कुछ लोग कहते हैं कि मैं कुछ खास तरह की गेंदें नहीं खेल सकता। खासकर ये बात मुझे बहुत चुभी कि मैं शॉर्ट पिच गेंदों की अपनी समस्या कभी ठीक नहीं कर पाऊंगा। क्योंकि 'असंभव' शब्द मुझे सुनना बिल्कुल पसंद नहीं है। इसलिए, मैंने ठान लिया कि मुझे उनकी बात गलत साबित करनी है। इसके लिए मैंने बहुत मेहनत की। पहले मैं शॉर्ट बॉल्स पर डिफेंस करता था या सिंगल लेने की कोशिश करता था। लेकिन अब, अगर गेंद मेरे ज़ोन में आती है, तो मैं उसे सीधे छक्के के लिए भेजता हूं।"

जिन लोगों ने कहा था कि पीठ की चोट के बाद श्रेयस अय्यर पहले की तरह बैटिंग नहीं कर पाएंगे, उन्हें भी उन्होंने अपने खेल से जवाब दिया है। उन्होंने साफ कहा, "चोट के बाद आप दिमागी तौर पर कैसे वापसी करते हैं, यह बहुत जरूरी है। मैंने फालतू की आलोचना को नजरअंदाज करना सीख लिया है।" अपनी बैटिंग में कंसिस्टेंसी बनाए रखने के लिए, श्रेयस ने बताया कि वो एक ट्रेनिंग सेशन में करीब 50 ओवर तक बैटिंग करते हैं और 300 से ज्यादा गेंदें खेलते हैं।

उन्होंने कहा, "मेरी ट्रेनिंग एक जैसी नहीं रहती। मैं साइड-आर्म थ्रो के बजाय असली गेंदबाजों का सामना करके लय हासिल करता हूं। मैं विराट कोहली, रोहित शर्मा और एबी डिविलियर्स की बैटिंग की लय को गौर से देखता हूं और उसे अपने स्टाइल में ढालने की कोशिश करता हूं।" श्रेयस ने अपने कोच प्रवीण आमरे और अभिषेक नायर के सपोर्ट को अपनी ग्रोथ का बड़ा कारण बताया।

क्या श्रेयस अय्यर होंगे टीम इंडिया के अगले T20 कप्तान?

पिछले IPL सीजन में श्रेयस अय्यर ने अपनी कप्तानी में पंजाब किंग्स को फाइनल तक पहुंचाया था। अब 2026 के IPL में उनकी कप्तानी में पंजाब किंग्स अजेय चल रही है और पॉइंट्स टेबल में टॉप पर है। अय्यर कप्तान और बल्लेबाज, दोनों ही भूमिकाओं में चमक रहे हैं। उन्होंने अब तक सात मैचों की छह पारियों में 69।75 की शानदार औसत से 279 रन बनाए हैं। वहीं दूसरी तरफ सूर्यकुमार यादव फिलहाल खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। ऐसे में यह चर्चा तेज हो गई है कि आने वाले दिनों में श्रेयस अय्यर को भारतीय T20 टीम की कप्तानी मिल सकती है।