टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 में वेस्टइंडीज की बड़ी जीत से भारत की सेमीफाइनल राह कठिन हो गई है। जानिए भारत के क्वालिफिकेशन के सभी संभावित सिनेरियो, NRR की भूमिका और ग्रुप 1 के बाकी मैचों का पूरा शेड्यूल।
Team India Semifinal Scenario in T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 मुकाबलों में भारत की सेमीफाइनल की उम्मीदों को एक और झटका तब लगा, जब सोमवार को मुंबई में खेले गए मैच में वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्बे को 107 रन के बड़े अंतर से हरा दिया। वेस्टइंडीज की इस बड़ी जीत से जहां उसका नेट रन रेट (NRR) काफी बेहतर हो गया है, वहीं टीम इंडिया पहले ही साउथ अफ्रीका से 76 रनों से हार कर अपना नेट रन रेट माइनस में ले जा चुकी है। अब भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अपने दोनों मैच (जिम्बाब्बे और वेस्टइंडीज) बड़े अंतर से जीतने होंगे, ताकि उसका NRR मजबूत हो सके।
भारत का अगला मैच और सेमीफाइनल की राह
भारत का अगला सुपर 8 मुकाबला गुरुवार 26 फरवरी को चेन्नई में जिम्बाब्वे के खिलाफ होगा। भारत की सेमीफाइनल की उम्मीदें अब काफी हद तक साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के मैच पर निर्भर करेंगी। अगर साउथ अफ्रीका जीतता है, तो भारत के लिए स्थिति कुछ आसान हो सकती है। जानते हैं भारत के सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए और क्या विकल्प हैं।
समीकरण नंबर 1: भारत अपने दोनों मैच जीते
- अगर भारत जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने दोनों बचे हुए मैच जीत लेता है, तो उसके 3 मैचों में 4 अंक हो जाएंगे। वहीं अगर साउथ अफ्रीका अपने तीनों सुपर 8 मैच जीतता है, तो भारत उसके साथ सेमीफाइनल में पहुंच सकता है।
- अगर साउथ अफ्रीका वेस्टइंडीज से हार जाता है, तो साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज और भारत तीनों के 4-4 अंक हो सकते हैं। ऐसे में फैसला NRR से होगा।
- अगर साउथ अफ्रीका अपने दोनों बचे मैच हार जाता है, तो भारत और वेस्टइंडीज सेमीफाइनल में पहुंच जाएंगे।
समीकरण नंबर 2: भारत एक मैच जीतता है, एक हारता है तो क्या?
- अगर भारत अपने दो मैचों में से सिर्फ एक जीतता है, तो सेमीफाइनल की राह बेहद कठिन हो जाएगी। भारत को सेमीफाइनल की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए वेस्टइंडीज को बड़े अंतर से हराना जरूरी होगा।
- अगर साउथ अफ्रीका अपने दोनों मैच जीतता है और भारत वेस्टइंडीज को हराकर जिम्बाब्वे से हार जाता है तो भारत, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज तीनों के 2-2 अंक होंगे। तब फैसला NRR के आधार पर होगा।
- लेकिन अगर साउथ अफ्रीका अपने दोनों मैच हार जाता है, तो सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाएगी।
ग्रुप 1: सुपर 8 के बाकी मुकाबले
26 फरवरी: साउथ अफ्रीका बनाम वेस्टइंडीज – अहमदाबाद
26 फरवरी: भारत बनाम जिम्बाब्वे – चेन्नई
1 मार्च: साउथ अफ्रीका बनाम जिम्बाब्वे – दिल्ली
1 मार्च: भारत बनाम वेस्टइंडीज – कोलकाता
इन मैचों के नतीजे ही तय करेंगे कि ग्रुप-1 से कौन&सी दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।


