T20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराया। फिन एलन ने 33 गेंदों में 100 रन बनाते हुए 10 चौके और 8 छक्के जड़े। कीवी टीम ने 43 गेंद शेष रहते मैच जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। 

SA vs NZ Match Results: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। कीवी टीम के ओपनर फिन एलन ने महज 33 गेंदों में 100 रन ठोंक अफ्रीकी गेंदबाजों की बखिया उधेड़ दी। न्यूजीलैंड ने 43 गेंद रहते ही मुकाबला अपने नाम कर लिया।

फिन एलन ने लगाई T20 इतिहास की सबसे फास्ट सेंचुरी

न्यूजीलैंड के ओपनर फिन एलन ने अपनी शतकीय पारी में मैदान के चारों ओर चौकों-छक्कों की बरसात कर दी। उन्होंने अपनी पारी में 300 से भी ज्यादा स्ट्राइक रेट से 10 चौके और 8 छक्के लगाए। एलन के अलावा टिम साइफर्ट ने भी 33 गेदों पर 58 रन की शानदार पारी खेली।

क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा

फिन एलन ने वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले क्रिस गेल ने 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ 47 गेंदों में शतक लगाया था। अब एलन ने 33 गेंदों में सेंचुरी बनाकर नया इतिहास रच दिया है।

Scroll to load tweet…

न्यूजीलैंड दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में

न्यूजीलैंड ने दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई है। इससे पहले कीवी टीम 2021 में पहली बार फाइनल में पहुंची थी। 4 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए मैच में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 169 रन बनाए। इसके जवाब में न्यूजीलैंड ने 170 रन का लक्ष्य सिर्फ 12.5 ओवर में एक विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।

साउथ अफ्रीका से यान्सन ने बनाए सबसे ज्यादा रन

साउथ अफ्रीका की ओर से मार्को यान्सन ने सबसे ज्यादा 55 रन बनाए। उनके अलावा ब्रेविस ने 34, स्टब्स ने 29, कप्तान मारक्रम ने 18 और क्विंटन डिकॉक ने 10 रनों का योगदान दिया। न्यूजीलैंड की ओर से मैट हेनरी, मैक्कोंची और रचिन रवींद्र ने 2-2 विकेट झटके। वहीं, लोकी फर्गुसन और जिमी नीशम को 1-1 विकेट मिला।