T20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया लीग राउंड से बाहर हो गई। जिम्बाब्वे और आयरलैंड का मैच बारिश से रद्द होने के बाद जिम्बाब्वे सुपर-8 में पहुंच गई। ऑस्ट्रेलिया आखिरी मैच जीतकर भी अगले दौर में नहीं जा सकेगी।
Australia out t20 world cup 2026: 2021 की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर हो चुकी है। मंगलवार 17 फरवरी को जिम्बाब्बे और आयरलैंड के बीच होने वाला मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया। कैंडी के पल्लेकेले स्टेडियम में टॉस तक नहीं हो सका। मैच रद्द होने के बाद जिम्बाब्वे सुपर-8 में पहुंच गई और कंगारू लीग राउंड से ही बाहर हो गए।
T20 World Cup 2026: ऑस्ट्रेलिया लीग स्टेज से बाहर
एक दिन पहले ऑस्ट्रेलिया को श्रीलंका के खिलाफ 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। इससे पहले 13 फरवरी को जिम्बाब्वे ने कंगारुओं को 23 रन से हराया था। ऑस्ट्रेलिया का अगला मैच 20 फरवरी को ओमान से है। लेकिन यह मुकाबला जीतने के बाद भी मिचेल मार्श की टीम अगले दौर में जगह नहीं बना पाएगी।
T20 World Cup में दूसरी बार लीग राउंड से बाहर हुई ऑस्ट्रेलिया
टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में यह दूसरी बार है, जब ऑस्ट्रेलिया ग्रुप स्टेज से बाहर हुई है। इससे पहले 2009 में रिकी पोंटिंग की कप्तानी में टीम लीग राउंड से बाहर हो गई थी।
बारिश से रद्द मैच: टूर्नामेंट का पहला नो-रिजल्ट
मौजूदा टी-20 वर्ल्ड कप में यह पहला मैच है जो बारिश के कारण रद्द हुआ। टूर्नामेंट के इतिहास में अब तक कुल 8 मैच रद्द हो चुके हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2016 में 2 मैच रद्द हुए थे। इसके अलावा 2007, 2010, 2012, 2022 और 2024 में एक-एक मैच रद्द हुआ था।
ग्रुप बी पॉइंट्स टेबल: सुपर-8 की रेस
ग्रुप बी से दो टीमों को सुपर-8 में जगह मिलनी है। श्रीलंका पहले ही अगले दौर में पहुंच चुकी है। ओमान टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है। दूसरे स्थान के लिए जिम्बाब्वे, ऑस्ट्रेलिया और आयरलैंड के बीच मुकाबला था। जिम्बाब्वे के 4 अंक हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया और आयरलैंड के 2-2 अंक हैं। मैच रद्द होने के कारण जिम्बाब्वे को 1 अंक मिला, जिससे वह सुपर-8 में पहुंच गई। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया अपना आखिरी मैच जीतकर भी जिम्बाब्वे से आगे नहीं निकल सकती।
जिम्बाब्वे ने 2028 T20 वर्ल्ड कप के लिए भी किया क्वालिफाई
सुपर-8 में पहुंचने के साथ ही जिम्बाब्वे ने 2028 टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भी सीधे क्वालिफाई कर लिया है। अब उसे क्वालिफायर खेलने की जरूरत नहीं होगी। नियमों के मुताबिक, वर्ल्ड कप की टॉप-8 टीमें और मेजबान देश अगले टूर्नामेंट में सीधे एंट्री पाते हैं। बाकी टीमों को क्वालिफायर मुकाबले खेलने पड़ते हैं।


