सार

Operation Sindoor: भारतीय सेना ने 6-7 मई की दरमियानी रात पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर जोरदार हमला किया, जिसमें कईं आतंकवादियों के मारे जाने की खबर है। भारतीय सेना ने हमले के लिए यही दिन और समय क्यों चुना, जानें इसके पीछे की वजह?

 

Operation Sindoor: आखिरकर भारत ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले का बदला ले लिया। 6-7 मई की दरमियानी रात लगभग 01:13 पर भारतीय सेना ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर जोरदार हमला किया, जिसमें कईं आतंकी मारे गए हैं। भारतीय सेना ने इसे ऑपरेशन सिंदूर नाम दिया है। हमले के दिन बाद भारतीय सेना ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर प्रहाराय सन्निहिताः, जयाय प्रशिक्षिता लिख पाकिस्तान को चेतावनी भी दी है। उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पं. नलिन शर्मा से जानिए भारतीय सेना ने एयर स्ट्राइक के लिए ये दिन और समय ही क्यों चुना…

6-7 मई की रात ही क्यों की एयर स्ट्राइक?

ज्योतिषाचार्य पं. नलिन शर्मा के अनुसार, 6-7 मई की रात वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि थी। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, दशमी तिथि के स्वामी यमराज हैं, जो मृत्यु के देवता हैं। ये तिथि विवादों पर विजय पाने के लिए बहुत शुभ मानी गई है। जिस समय भारतीय सेना ने पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक की, उस समय रात के 01 बजकर 13 मिनिट का समय था। इस समय व्याघात नाम का योग था। व्याघात का अर्थ होता हैं, छुप कर हमला करना या चोट पहुँचाना। व्याघात योग में शत्रुओं पर हमला करने से युद्ध में हमेशा विजय मिलती है।

ग्रहों की दशा भी अनुकूल

ज्योतिषाचार्य पं. शर्मा के अनुसार, जिस समय भारतीय सेना ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर हमला किया, उस समय चंद्रमा सिंह राशि में था। यह राशि सभी 12 राशियों में सबसे शक्तिशाली मानी गई है, इस राशि के स्वामी सूर्य हैं जो नवग्रहों के राजा भी हैं। ये स्थिति भी भारतीय सेना के पराक्रम को बढ़ाने वाली है। ये भी एक कारण है कि भारतीय सेना ने एयर स्ट्राइक के लिए इस दिन और समय का चुनाव किया।

वार का संयोग भी बहुत शुभ

भारतीय सेना ने मंगलवार-बुधवार की रात पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक की। मंगलवार के स्वामी मंगलदेव हैं जो नवग्रहों के सेनापति हैं और युद्ध के लिए हमेशा तैयार माने जाते हैं, वहीं विद्वानों का कहना है बुधवार को आरंभ किए युद्ध से शत्रु की आर्थिक हानि होती है और युद्ध में विजय भी मिलती है। वार के अनुसार भी ये दिन और समय बहुत खास है।


Disclaimer
इस आर्टिकल में जो जानकारी है, वो ज्योतिषियों द्वारा बताई गईं हैं। हम सिर्फ इस जानकारी को आप तक पहुंचाने का एक माध्यम हैं। यूजर्स इन जानकारियों को सिर्फ सूचना ही मानें।