Thailand Wife Rents Husband Story: थाईलैंड में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया, जहां पत्नी ने पति को प्रेमिका के साथ पकड़ा तो तलाक की बजाय उसे हर महीने 85 हजार रुपये में “किराए” पर देने की डील दे दी। यह अनोखी कहानी सोशल मीडिया और टीवी शो में चर्चा का विषय बन गई है।
शादी में धोखा मिलने की खबरें अक्सर सामने आती हैं, लेकिन थाईलैंड से आई एक कहानी ने लोगों को हैरान कर दिया है। यहां एक महिला ने जब अपने पति को उसकी प्रेमिका के साथ पकड़ा, तो उसने ना तो तुरंत हंगामा किया और ना ही सीधे तलाक की मांग की। इसके बजाय उसने ऐसा प्रस्ताव रखा, जिसने पूरे मामले को चर्चा में ला दिया।
महिला ने अपने पति की प्रेमिका को एक अजीबोगरीब “डील” ऑफर कर दी। उसने कहा कि अगर वह चाहती है कि उसका पति उसी के साथ रहे, तो उसे हर महीने करीब 85 हजार रुपये “किराया” देना होगा। हैरानी की बात यह रही कि प्रेमिका इस प्रस्ताव के लिए तुरंत तैयार हो गई, लेकिन खुद पति ने इस पर आपत्ति जताते हुए हंगामा खड़ा कर दिया।
10 साल पुरानी शादी और 8 साल की बेटी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह मामला थाईलैंड का है। 31 साल की खुन क्वांग की शादी को करीब 10 साल हो चुके हैं। यह लव मैरिज थी और इस दंपति की एक 8 साल की बेटी भी है। खुन क्वांग के 35 वर्षीय पति पेशे से पुलिस अधिकारी हैं। बताया जा रहा है कि पिछले करीब एक साल से उनका किसी दूसरी महिला के साथ अफेयर चल रहा था। यह रिश्ता सोशल मीडिया पर दोस्ती से शुरू हुआ और धीरे-धीरे नजदीकियों में बदल गया।
यह भी पढ़ें: खाना खाया, बिल मांगा तो बरस पड़े डंडे… ग्रेटर नोएडा होटल की घटना CCTV में कैद
शक हुआ तो लगाया प्राइवेट जासूस
कुछ समय बाद खुन क्वांग को अपने पति के व्यवहार पर शक होने लगा। पति अक्सर देर से घर आता या कई बार घर ही नहीं लौटता था। उसे लगा कि मामला कुछ ठीक नहीं है, लेकिन उसके पास कोई ठोस सबूत नहीं था। सच्चाई जानने के लिए उसने एक प्राइवेट जासूस को हायर कर लिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक जासूस को पति पर नजर रखने के लिए रोजाना करीब 25 हजार रुपये दिए गए। बताया जाता है कि जासूस ने पहले ही दिन पति को उसकी कथित प्रेमिका के घर जाते हुए और वहीं रुकते हुए देख लिया। इसके बाद उसने सारे सबूत इकट्ठा कर लिए।
पति ने कहा- मैं प्रेमिका के साथ ही रहना चाहता हूं
सबूत मिलने के बाद खुन क्वांग ने अपने पति से इस बारे में बात की। उसने पूछा कि एक परिवार और बेटी होने के बावजूद वह ऐसा क्यों कर रहा है। लेकिन बहस के दौरान पति ने साफ कह दिया कि वह अपनी प्रेमिका के साथ ही रहना चाहता है। यह सुनकर खुन क्वांग ने बहस बढ़ाने की बजाय चुप रहने का फैसला किया।
पत्नी ने दी ‘किराए’ वाली अनोखी डील
इसके बाद खुन क्वांग ने सीधे अपने पति की प्रेमिका से संपर्क किया। उसने उसे बताया कि अभी तक उसका अपने पति से तलाक नहीं हुआ है और अगर वह अफेयर की शिकायत करती है, तो मामला कानूनी झंझट में भी जा सकता है।
फिर उसने एक अजीब प्रस्ताव रखा। खुन क्वांग ने कहा, “अगर तुम उसे अपने साथ रखना चाहती हो, तो मैं तुम्हें अपना पति किराए पर देती हूं। इसके लिए तुम्हें हर महीने 85 हजार रुपये देने होंगे।” रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रेमिका ने इस ऑफर को तुरंत स्वीकार कर लिया और कहा कि वह पैसा देने के लिए तैयार है।
हालांकि जब यह बात पति को पता चली तो उसने इस डील का कड़ा विरोध किया। उसने साफ कहा कि वह इस तरह के समझौते को नहीं मानेगा और अब वह तलाक लेना चाहता है।
टीवी शो में भी पहुंचा मामला
यह मामला इतना चर्चा में आया कि इसे थाईलैंड के एक लोकप्रिय टीवी शो ‘होन क्रसाई’ में भी दिखाया गया। शो में मौजूद कानूनी विशेषज्ञों ने कहा कि यह मामला अदालत में जटिल हो सकता है। विशेषज्ञों के मुताबिक थाईलैंड के कानून में किसी व्यक्ति को इस तरह “किराए पर देने” जैसी कोई व्यवस्था नहीं है, इसलिए यह डील कानूनी रूप से मान्य नहीं मानी जाएगी। फिलहाल यह अजीबोगरीब कहानी सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है। कई लोग इसे रिश्तों में बढ़ते विवादों का उदाहरण बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे सिर्फ एक अनोखी प्रतिक्रिया मान रहे हैं।
यह भी पढ़ें: लंदन की गंदगी दिखा पाकिस्तानी यूट्यूबर ने की बेइज्जती, लोग बोले- 'हमारी दिल्ली मेट्रो तो...'


