NHAI ने प्राइवेट गाड़ियों के लिए फास्टैग सालाना पास की फीस बढ़ाई है। 1 अप्रैल 2026 से नई कीमत 3,075 रुपये होगी। यह पास बार-बार टोल रिचार्ज की जरूरत खत्म करता है।
नई दिल्लीः अगर आप नेशनल हाईवे पर अक्सर सफर करते हैं, तो आपकी जेब पर बोझ थोड़ा बढ़ने वाला है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी (NHAI) ने फास्टैग के सालाना पास की फीस में बदलाव किया है। वित्त वर्ष 2026-27 के लिए पास की कीमत 3,000 रुपये से बढ़ाकर 3,075 रुपये कर दी गई है। ये नई दरें 1 अप्रैल 2026 से लागू होंगी। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय ने बताया कि यह बढ़ोतरी नेशनल हाईवे फीस नियमों के आधार पर की गई है।
सिर्फ प्राइवेट गाड़ियों के लिए
यह सालाना पास सिर्फ गैर-कमर्शियल यानी प्राइवेट गाड़ियों के लिए है, जैसे कि कार, जीप और वैन। यह स्कीम 15 अगस्त 2025 को शुरू हुई थी और बहुत कम समय में ही काफी पॉपुलर हो गई। आंकड़ों के मुताबिक, देश में 56 लाख से ज्यादा लोग इस सुविधा का इस्तेमाल कर रहे हैं।
पास की वैलिडिटी और फायदे
वैलिडिटी: यह पास खरीदने की तारीख से एक साल तक या 200 बार टोल प्लाजा क्रॉस करने तक (जो भी पहले हो) वैलिड रहेगा।
कहां चलेगा: इस पास का इस्तेमाल देश के करीब 1,150 टोल प्लाजा पर किया जा सकता है।
फायदा: इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि बार-बार टोल के लिए रिचार्ज करने का झंझट खत्म हो जाता है और सफर आसान हो जाता है।
पास कैसे खरीदें?
सालाना पास को आपके मौजूदा फास्टैग से ही लिंक किया जाता है। इसे खरीदने के लिए आप ये तरीके अपना सकते हैं:
- राजमार्ग यात्रा ऐप या NHAI की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाएं।
- गाड़ी नंबर और फास्टैग आईडी से लॉग-इन करें।
- UPI, डेबिट/क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग से 3,075 रुपये का पेमेंट करें।
- पेमेंट के करीब दो घंटे के अंदर आपका पास एक्टिवेट हो जाएगा और आपको इसका कन्फर्मेशन भी मिल जाएगा।


