कांग्रेस की सीनियर नेता और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि मौसम में अचानक आए बदलाव की वजह से उनकी तबीयत बिगड़ी है। उनके बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी भी अस्पताल में मौजूद हैं।
नई दिल्ली: कांग्रेस की सीनियर नेता और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के अधिकारियों ने बताया है कि सोनिया गांधी की हालत फिलहाल स्थिर है और वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं। उनके साथ अस्पताल में बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी भी मौजूद हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मौसम में अचानक आए बदलाव की वजह से उन्हें शारीरिक परेशानी हुई। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम को ही सोनिया गांधी ने डॉक्टरों से सलाह ली थी।
इससे पहले इसी साल जनवरी में भी सांस लेने में तकलीफ के चलते सोनिया गांधी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस वक्त सर गंगाराम अस्पताल के चेयरमैन अजय स्वरूप ने पुष्टि की थी कि जांच में सोनिया गांधी के ब्रोंकियल अस्थमा में मामूली बढ़ोतरी पाई गई है।
79 साल की सोनिया गांधी फिलहाल राजस्थान से राज्यसभा सांसद हैं। वह भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की संसदीय दल की अध्यक्ष का पद भी संभाल रही हैं। पांच बार लोकसभा सांसद रहने के बाद सोनिया गांधी राज्यसभा पहुंची हैं। पिछले कुछ सालों से स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के कारण सार्वजनिक कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी कम हो गई है। पिछले साल ही उन्हें दो बार अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
