वॉट्सऐप पर 'प्रेग्नेंट करो और 13 लाख पाओ' वाला मैसेज एक नया साइबर फ्रॉड है। स्कैमर्स रजिस्ट्रेशन के नाम पर पैसे मांगते हैं या वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करते हैं। पुलिस ने इस देशव्यापी घोटाले को लेकर चेतावनी दी है।
नई दिल्ली: क्या आपके वॉट्सऐप पर भी किसी खूबसूरत महिला की फोटो के साथ ये मैसेज आया है- 'मुझे प्रेग्नेंट करो और 13 लाख रुपये के साथ 2 बेडरूम का फ्लैट पाओ'? मैसेज में यह भी लिखा होता है कि यह जानकारी सीक्रेट रखें और अगर आप तैयार हैं तो दिए गए नंबर पर कॉल या मैसेज करें। लेकिन सावधान! अगर आपने गलती से भी इस नंबर पर संपर्क किया, तो आपकी मुसीबतें शुरू हो सकती हैं। यह एक नया साइबर फ्रॉड है, जिसमें फंसकर कई लोग पैसे गंवा चुके हैं और बदनामी के डर से किसी को बता भी नहीं पा रहे। यह स्कैम अब पूरे भारत में काफी एक्टिव हो गया है।
'ऑल इंडिया प्रेग्नेंट स्कैम' का जाल
स्कैमर्स मैसेज में दावा करते हैं कि महिला का पति उसे प्रेग्नेंट नहीं कर सकता, इसलिए उसे एक बच्चे की चाहत है। इस इमोशनल कहानी पर यकीन करके जैसे ही कोई उन्हें कॉल करता है, वे रजिस्ट्रेशन, GST और दूसरे चार्ज के नाम पर पैसे मांगना शुरू कर देते हैं। अगर आप होशियारी दिखाकर बच गए तो ठीक, वरना वे आपको और बड़े जाल में फंसाते हैं।
वीडियो बनाकर करते हैं ब्लैकमेल
अगर आप पैसे देने से मना करते हैं, तो वे आपको किसी तय जगह पर बुलाते हैं। वहां एक कमरे में एक महिला आपका स्वागत करती है। इसके बाद, वे आपकी खुफिया तरीके से वीडियो बना लेते हैं और फिर ब्लैकमेलिंग का खेल शुरू होता है। वीडियो को सोशल मीडिया पर डालने की धमकी देकर मोटी रकम वसूली जाती है। कुछ महीने पहले, बिहार पुलिस ने ऐसे ही एक गिरोह का भंडाफोड़ किया था। ये लोग 10 लाख रुपये की ठगी कर रहे थे, तभी पुलिस ने छापा मारकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, यह नेटवर्क देश के कई हिस्सों में एक्टिव है और पुलिस कई बार इसे लेकर चेतावनी जारी कर चुकी है।


