Hyderabad YouTuber Comali suicide case: क्या टूटे हुए रिश्ते और अकेलापन हैदराबाद की यूट्यूबर कोमाली की मौत का कारण बन गए? उसकी डायरी, अनकहे दर्द और इंतजार की कहानी उजागर करती है एक रहस्यमय और दिल तोड़ देने वाली सच्चाई।
Hyderabad YouTuber Suicide Case: हैदराबाद में 21 साल की पार्ट-टाइम यूट्यूबर और साइंस छात्रा कोमाली का शव उसके किराए के अपार्टमेंट में पाया गया। कोमाली लगभग 11 महीने से अकेली रह रही थी और उसके नोट में लिखा कि वह अब भी उस आदमी का इंतजार कर रही थी जिसके साथ वह तीन साल से रिलेशनशिप में थी। उसकी डायरी के शब्द इस बात का संकेत देते हैं कि दिल टूटने और अकेलेपन का दर्द उसकी जिंदगी पर भारी पड़ गया। उसने लिखा, “मुझे आगे बढ़ने से डर लग रहा है क्योंकि क्या होगा अगर वह वापस आ गया? मुझे पता है कि मुझे जाने देना चाहिए, मुझे पता है कि वह मेरा नहीं है। लेकिन मेरा एक हिस्सा अब भी इंतज़ार कर रहा है, अब भी उम्मीद कर रहा है, अब भी सोच रहा है कि वह एक दिन मुझे चुनेगा।" उसने लिखा कि आगे बढ़ना नामुमकिन लगता है क्योंकि जब वह आखिरकार चली जाएगी, तो क्या होगा अगर वह "मुड़कर मुझे ढूंढेगा"।

क्या यह सिर्फ टूटे हुए रिश्ते का दर्द था?
आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम की रहने वाली कोमली का शव एक अपार्टमेंट में लटका हुआ मिला। वह हैदराबाद के एक प्राइवेट कॉलेज से BSc की पढ़ाई करते हुए करीब 11 महीने से अकेली रह रही थी। कोमाली तीन साल से एक 27 साल के सॉफ्टवेयर इंजीनियर और साथी यूट्यूबर के साथ रिलेशनशिप में थी, लेकिन दोनों अलग हो गए थे। बताया जाता है कि उसने छह महीने पहले भी आत्महत्या की कोशिश की थी। जिसके बाद यह सवाल उठता है कि क्या प्यार का टूटना ही उसकी मौत का मुख्य कारण था, या उसके मानसिक स्वास्थ्य की अनदेखी इसमें शामिल थी?
अंतिम संदेश और परिवार का दर्द
मृत्यू से पहले कोमाली ने सोमवार तड़के अपनी मां बी सत्या वरलक्ष्मी, जो कुवैत में काम करती हैं, को एक मैसेज भेजा, जिसमें लिखा था, “मैं तुमसे बहुत प्यार करती हूं मम्मी” और अपने छोटे भाई का ख्याल रखने को कहा। जब फोन का जवाब नहीं मिला, तो उसकी मां ने दोस्त के जरिए जानकारी पाई। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच की और वहां एक सीढ़ी और साड़ी मिली, जिससे स्पष्ट हुआ कि मामला आत्महत्या का है।
पुलिस जांच और डिजिटल सबूत
हैदराबाद पुलिस ने संदिग्ध मौत का मामला दर्ज किया है। पूरी स्थिति को समझने के लिए डिजिटल और फिजिकल सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं। इसमें फोन रिकॉर्ड, मैसेज और दोस्तों व पड़ोसियों के बयान शामिल हैं। शव को उस्मानिया जनरल हॉस्पिटल भेजकर ऑटोप्सी कराई जा रही है।

सोशल मीडिया और यूट्यूब जीवन
कोमाली ने अपने लाइफस्टाइल, व्लॉग और पर्सनल एक्सपीरियंस वीडियो के जरिए सोशल मीडिया पर पहचान बनाई। उसका हालिया वीडियो तिरुमाला पदयात्रा पर था, जो उसकी आखिरी पोस्ट बन गई। यह सवाल सबके मन में है कि क्या सोशल मीडिया दबाव, अकेलापन और टूटे हुए रिश्ते ने उसे इस कदम तक पहुंचाया।
मदद के लिए हेल्पलाइन
- यदि आपको या किसी जानकार को मदद चाहिए, तो आप इन नंबरों से संपर्क कर सकते हैं:
- वंद्रेवाला फाउंडेशन फॉर मेंटल हेल्थ: 9999666555 / help@vandrevalafoundation.com
- TISS iCall: 022-25521111 (सोमवार-शनिवार, सुबह 8 से रात 10 बजे)


