पीएम नरेंद्र मोदी ने इजराइल दौरे के दौरान यरुशलम में नेसेट को संबोधित किया। सांसदों ने उन्हें स्टैंडिंग ओवेशन दिया। मोदी ने भारत-इजराइल दोस्ती और आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक एकजुटता पर जोर दिया। यह उनका दूसरा इजराइल दौरा है।
PM Narendra Modi Addresses Knesset: पीएम मोदी 2 दिनी दौरे पर इजराइल पहुंच गए हैं। बुधवार को उन्होंने यरुशलम में इजराइली संसद नेसेट (Knesset) को संबोधित किया। इस दौरान सांसदों ने पीएम मोदी को स्टैंडिंग ओवेशन दिया। मोदी ने अपने संबोधन में कहा, मैं आप सबके लिए भारत के 140 करोड़ लोगों की दोस्ती का पैगाम लाया हूं। इजराइली ससंद को संबोधित करना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। मैं 9 साल पहले भी इजराइल आया था और अब दोबारा यहां आकर खुशी हुई।
जिस दिन मेरा जन्म हुआ, उसी दिन भारत ने इजराइल को मान्यता दी
पीएम मोदी ने कहा, भारत इजराइल के साथ हमेशा खड़ा है। जिस दिन मेरा जन्म हुआ, उसी दिन भारत ने इजराइल को मान्यता दी। पीएम मोदी ने आतंकवाद का जिक्र करते हुए कहा, 7 अक्टूबर 2023 को हमास आतंकियों ने जिस बर्बरता के साथ इजराइली लोगों पर हमला उसे किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। भारत खुद आतंकवाद से लंबे समय से जूझ रहा है। मुंबई में हुए आतंकी हमले में कई इजराइली नागरिकों की जान गई। हम ना मुंबई का 26/11 भूले हैं और ना ही 7 अक्टूबर का इजरायल पर हमास का हमला। आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक सहमति जरूरी। क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए भारत पूरी तरह प्रतिबद्ध।
पीएम मोदी ने किया गाजा शांति पहल का समर्थन
नरेंद्र मोदी ने इजराइली संसद नेसेट में अपने संबोधन के दौरान गाजा शांति पहल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) के समर्थन वाली गाजा शांति पहल आगे बढ़ने का एक रास्ता दिखाती है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने इस पहल का मजबूत समर्थन किया है। उन्हें भरोसा है कि यह पहल क्षेत्र के सभी लोगों के लिए न्याय और लंबे समय तक कायम रहने वाली शांति ला सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया में फिलिस्तीन का मुद्दा भी शामिल है और उसका समाधान जरूरी है। मोदी ने कहा, इस क्षेत्र में उठाए जाने वाले सभी कदम समझदारी, हिम्मत और इंसानियत के आधार पर होने चाहिए। उन्होंने माना कि शांति का रास्ता आसान नहीं होता, लेकिन यह जरूरी है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत इस क्षेत्र में संवाद, शांति और स्थिरता के लिए इजराइल और पूरी दुनिया के साथ खड़ा है। उन्होंने दोहराया कि क्षेत्रीय शांति के लिए सहयोग और वैश्विक समर्थन बेहद अहम है।
भारत ने यहूदियों को अपना घर दिया- इजराइली स्पीकर
इससे पहले, इजराइली PM बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने संबोधन में कहा कि मोदी मेरे भाई जैसे हैं, मेरे दिल में उनके लिए बहुत सम्मान है। वे दुनिया के सबसे सम्मानित और महान नेता हैं। मोदी जैसे ही संसद पहुंचे वहां सभी सांसदों ने खड़े होकर उनका स्वागत किया। इस दौरान मोदी-मोदी के नारों से हॉल गूंज उठा। इजराइल के स्पीकर ने ‘नमस्ते’ कहते हुए अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, भारत धरती का सबसे तेज विकास करने वाला देश है। भारत ने यहूदियों को अपना घर दिया है। उन्होंने यहूदियों के त्योहार और होली का जिक्र करते हुए कहा कि अगले हफ्ते रंग बरसेगा।
18 देशों की संसद को संबोधित कर चुके पीएम मोदी
पीएम मोदी इजरायल की संसद को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब तक 18 देशों की संसद को संबोधित कर चुके हैं। मोदी इससे पहले 2017 में भी इजरायल गए थे। यानी 9 साल बाद ये उनका दूसरा इजरायल दौरा है।

