मेक्सिको में कार्टेल लीडर नेमेसियो ओसेगुएरा की मौत के बाद हिंसा भड़क गई। U.S. स्टेट डिपार्टमेंट ने अमेरिकी नागरिकों को सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है। ग्वाडलहारा और प्यूर्टो वालार्टा में कई फ्लाइट्स रद्द की गईं।

Mexico Violence: मेक्सिको के मोस्ट वांटेड ड्रग तस्कर एल मेंचो को एक मिलिट्री ऑपरेशन में मार गिराया गया। इसके बाद से मेक्सिको में हिंसा भड़क उठी है। इसको देखते हुए भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। भारतीय दूतावास की ओर से कहा गया है कि अपने आसपास की चीजों पर नजर रखें और सतर्क रहें। इसके अलावा अमेरिका-कनाडा ने भी अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है।

जो जहां हैं, वहीं रुक जाएं

अमेरिकी स्टेट डिपार्टमेंट ने रविवार, 22 फरवरी 2026 को मेक्सिको के कुछ हिस्सों में रह रहे अमेरिकी नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने कहा कि हिंसा, सड़क जाम और फ्लाइट कैंसलेशन की स्थिति के बीच लोग सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। अमेरिकी कॉन्सुलर अफेयर्स सेक्शन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा कि मेक्सिको के कई इलाकों में बड़े पैमाने पर सुरक्षा अभियान चल रहा है। सुरक्षा ऑपरेशन, सड़क अवरोध और आपराधिक गतिविधियों के कारण अमेरिकी नागरिकों को अगली सूचना तक जहां हैं, वहीं रुकना चाहिए।

ग्वाडलहारा और प्यूर्टो वालार्टा में फ्लाइट्स रद्द

साथ ही बताया गया कि रोडब्लॉक्स की वजह से एयरलाइन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। ग्वाडलहारा और प्यूर्टो वालार्टा में कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। अशांति के चलते एयरपोर्ट संचालन प्रभावित हुआ है।

कनाडा ने भी जारी की एडवाइजरी

कनाडा ने कहा है कि वह हालात पर नजर रख रहा है। कनाडा सरकार ने मेक्सिको में रह रहे अपने नागरिकों से लो प्रोफाइल रहने और स्थानीय प्रशासन की सलाह मानने को कहा है। मिचोआकन, गुएरेरो और जलिस्को राज्यों में सुरक्षा बलों के साथ गोलीबारी और धमाकों की खबरों के बीच नागरिकों से घर के अंदर रहने की अपील की गई है।

अमेरिकी-कनाडाई एयरलाइंस ने उड़ानें रद्द कीं

स्थिति बिगड़ने के बाद कई अमेरिकी और कनाडाई एयरलाइंस ने मेक्सिको के कुछ शहरों के लिए अपनी उड़ानें रद्द कर दीं। इनमें United Airlines, American Airlines, Southwest Airlines और Alaska Airlines शामिल हैं। वहीं कनाडा की Air Canada और WestJet/Sunwing ने भी प्यूर्टो वालार्टा, ग्वाडलहारा और मंजानिलो के लिए उड़ानें रद्द कर दीं।

रास्ते से ही लौटे विमान

कई एयरलाइंस ने बताया कि कुछ विमानों को मेक्सिको पहुंचने से पहले ही वापस मोड़ना पड़ा। साउथवेस्ट एयरलाइंस ने प्यूर्टो वालार्टा जाने वाली चार उड़ानों को बीच रास्ते से वापस बुला लिया। साउथवेस्ट ने कहा है कि हालात सामान्य होने पर वह अपने फंसे हुए यात्रियों और स्टाफ को निकालने के लिए विशेष विमान भेजेगा।