Meerut Blue Drum Murder Case : मेरठ के 'ब्लू ड्रम' मर्डर केस में मृतक सौरभ की माँ ने आरोपी पत्नी मुस्कान और उसके प्रेमी के लिए फांसी की मांग की। सौरभ की हत्या कर शव को सीमेंट से भरे ड्रम में छिपाया गया था। सुनवाई के दौरान आरोपियों ने आरोपों से इनकार किया।
मेरठ के सनसनीखेज 'ब्लू ड्रम' मर्डर केस की सुनवाई में उस वक्त माहौल गमगीन हो गया, जब पीड़ित सौरभ राजपूत की मां कोर्ट के अंदर ही फूट-फूटकर रो पड़ीं। उन्होंने अपने बेटे की हत्या की आरोपी पत्नी मुस्कान और उसके कथित प्रेमी साहिल के लिए फांसी की सजा की मांग की। पिछले साल देश को झकझोर देने वाला यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में है, क्योंकि दोनों आरोपी मेरठ की जिला अदालत में ताजा सुनवाई के लिए पेश हुए। सौरभ का परिवार भी वहां मौजूद था, जिससे पीड़ित की मां का अपनी बहू से दर्दनाक आमना-सामना हुआ, जिस पर उनके बेटे की बेरहमी से हत्या की साजिश रचने का आरोप है।
जज से बोले लोग- मुस्कान और साहिल दो फांसी
- रिपोर्ट्स के मुताबिक, जैसे ही मुस्कान और साहिल कोर्टरूम में दाखिल हुए, सौरभ की मां रेणु देवी अपने आंसू नहीं रोक पाईं और इंसाफ की गुहार लगाते हुए रोने लगीं।उन्होंने बार-बार दोहराया, "हत्यारों को फांसी होनी चाहिए।"
- रेणु देवी ने यह भी आरोप लगाया कि इस अपराध के बारे में शायद और भी लोग जानते थे, जिन पर जांच एजेंसियों ने ध्यान नहीं दिया। उनका मानना है कि मुस्कान के परिवार को सब कुछ पता था, लेकिन वे जांच से बच निकले। कोर्ट के बाहर भी मां का दर्द छलका। उन्होंने रिपोर्टरों के सामने रोते हुए कहा, "वो (सौरभ) उन्हें हर महीने 50,000 रुपये देता था। फिर भी उन्होंने मेरे बेटे को मार डाला।"
जानिए कब और कैसे चर्चा में आया था मे मेरठ मर्डर
यह मर्डर केस तब देश भर में सुर्खियों में आया था, जब पुलिस ने बताया कि मर्चेंट नेवी के पूर्व अधिकारी सौरभ राजपूत की हत्या उनकी पत्नी मुस्कान और साहिल ने किराए के घर में की थी। जांचकर्ताओं ने कहा कि सौरभ को पहले नशा दिया गया, फिर उसकी हत्या कर शव के टुकड़े किए गए। इसके बाद शव को सीमेंट से भरे एक नीले प्लास्टिक ड्रम में बंद कर दिया गया ताकि जुर्म छिपाया जा सके। पहले आई रिपोर्ट्स में बताया गया था कि पुलिस को सख्त हो चुके सीमेंट को ड्रिल करके शव निकालना पड़ा था।
मुस्कान गोद में बच्ची को लेकर पहुंची कोर्ट
- आरोपियों की कोर्ट में पेशी के दौरान भारी भीड़ जमा हो गई थी और सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी। बताया जा रहा है कि मुस्कान अपनी गोद में छोटी बच्ची को लेकर कोर्ट पहुंची थी, जिससे माहौल और भी भावुक हो गया।
- सुनवाई के दौरान जज ने दोनों आरोपियों से उन पर लगे आरोपों के बारे में सवाल किए। साहिल ने अपने बचाव में गवाह पेश करने की इजाजत मांगी, जबकि मुस्कान ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया। अभियोजन पक्ष फोरेंसिक सबूतों, गवाहों के बयानों और आरोपियों के पहले के कबूलनामों के आधार पर अपना केस मजबूत कर रहा है। इस केस की भयावहता के कारण यह उत्तर प्रदेश के सबसे चर्चित आपराधिक मामलों में से एक बन गया है।
सौरभ की मां बयां किया दर्द
हालांकि, सौरभ के परिवार के लिए यह कानूनी लड़ाई बहुत निजी है। कोर्ट में रेणु देवी की भावुक अपील उस दर्द को बयां करती है, जिससे परिवार इस हत्याकांड के सामने आने के बाद से गुजर रहा है। जैसे-जैसे केस आगे बढ़ रहा है, उनकी एक ही मांग है - उनके बेटे की मौत के जिम्मेदार लोगों को कानून के तहत सबसे कड़ी सजा मिले।


