एमपी के अनूपपुर जिले में 24 साल की लड़की काजल की फेसबुक पर एक लड़के से दोस्ती  हुई और प्यार करने लगी। लेकिन वो इस किलर के सीक्रेट नहीं जान पाई। आरोपी ने मोहब्बत की कहानी गढ़कर उसको मौत के घाट उतार दिया। 

मध्य प्रदेश के मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में 15 मार्च को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक सुनसान, टूटे-फूटे घर में एक महिला की लाश मिली। लाश बहुत बुरी हालत में थी और सड़ चुकी थी, जिसके कई अंग खराब हो गए थे। बंद कमरे से जब बहुत तेज बदबू आने लगी तो आसपास के लोग वहां इकट्ठा हुए और उन्होंने पुलिस को खबर दी।

पुलिस को मामला गड़बड़ लगा और उसने तुरंत जांच के लिए एक स्पेशल टीम बना दी। मौके पर मिले कुछ निजी सामान और गुमशुदगी की एक रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मृतक की पहचान की। लड़की का नाम काजल पुरी था, जो 24 साल की थी और लपता गांव की रहने वाली थी। वह 17 फरवरी से लापता थी।

कॉलेज का बोलकर घर से निकली थी काजल

पुलिस के मुताबिक, काजल उस दिन यह कहकर घर से निकली थी कि वह कॉलेज जा रही है, लेकिन फिर कभी वापस नहीं लौटी। पुलिस ने जब उसकी आखिरी बार हुई बातचीत की जांच की, तो शक की सुई चंद्रभान राठौर उर्फ रवि उर्फ 'ठाकुर साहब' की तरफ घूमी। पुलिस ने जल्द ही उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

हत्यारे ने सुनाई फेसबुक वाली लव स्टोरी

पूछताछ के दौरान, आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने बताया कि कुछ महीने पहले फेसबुक पर उसकी दोस्ती काजल से हुई थी, जो बाद में प्यार में बदल गई। जब काजल ने उस पर शादी के लिए दबाव बनाना शुरू किया, तो उसने सामाजिक बंधनों का हवाला देकर मना कर दिया और उसे रास्ते से हटाने का प्लान बनाया।

आरोपी ने फिल्मी तरीके से किया लड़की का मर्डर

  • पुलिस ने खुलासा किया कि 17 फरवरी को आरोपी काजल को अपनी मोटरसाइकिल पर बिठाकर गोवरी गांव के उस सुनसान घर में ले गया। वहां उसने पत्थर से हमला कर काजल की हत्या कर दी। सबूत मिटाने के लिए उसने काजल का सिम कार्ड तोड़ दिया और उसका मोबाइल फोन छिपा दिया।
  • पुलिस ने इस क्राइम में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और लड़की का फोन बरामद कर लिया है। पुलिस ने 48 घंटों के अंदर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और मामले की आगे की जांच जारी है।