Lucknow Minor Girl Death-Rape case: लखनऊ के मड़ियांव क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई। दवा लेने निकली किशोरी का अर्द्धनग्न शव गोमती नदी से मिला। पोस्टमॉर्टम में डूबने से मौत की बात सामने आई, जबकि परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है।

राजधानी लखनऊ से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मड़ियांव थाना क्षेत्र के दाउदनगर इलाके में 17 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार रात वह दवा लेने के लिए घर से निकली थी, लेकिन अगली सुबह उसका शव गोमती नदी से बरामद हुआ।

सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि किशोरी का शव अर्द्धनग्न हालत में मिला। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवार ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

दवा लेने निकली थी, सुबह नदी में मिला शव

परिजनों के मुताबिक किशोरी बुधवार रात अपने मौसा के साथ दवा लेने के लिए घर से निकली थी। परिवार को उम्मीद थी कि वह कुछ देर में वापस लौट आएगी, लेकिन देर रात तक जब वह घर नहीं पहुंची तो चिंता बढ़ गई। गुरुवार सुबह गोमती नदी से किशोरी का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

यह भी पढ़ें: कर रही थी कांड! जामा मस्जिद की भीड़ में ‘रंगे हाथों’ पकड़ी गई महिला! VIDEO वीडियो

घटनास्थल से मिले साक्ष्य बढ़ा रहे शक

पुलिस जब मौके पर पहुंची तो नदी किनारे झाड़ियों में किशोरी के कपड़े और चप्पल पड़े मिले। इसके अलावा नदी से अर्द्धनग्न हालत में शव बरामद हुआ। इन हालातों को देखकर परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। घटनास्थल पर मिले साक्ष्य भी इस मामले को और ज्यादा संदिग्ध बना रहे हैं।

पोस्टमॉर्टम में डूबने से मौत की पुष्टि

मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमॉर्टम किया। शुरुआती रिपोर्ट में मौत का कारण पानी में डूबना बताया गया है। हालांकि पोस्टमॉर्टम में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। इसके बावजूद पुलिस ने शक के आधार पर स्लाइड तैयार कर जांच के लिए लैब भेज दी है। लैब की रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी।

मौसा की कहानी पर उठे सवाल

इस मामले में किशोरी के साथ गए मौसा पर भी शक गहराता जा रहा है। परिवार का आरोप है कि वह घटना के बाद गोमती किनारे नशे की हालत में मिला था। बताया जा रहा है कि करीब 45 मिनट बाद उसने फोन कर किशोरी के अपहरण की कहानी सुनाई। लेकिन पुलिस जांच में अब तक अपहरण की कोई पुष्टि नहीं हो सकी है। फिलहाल पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

तैरना नहीं जानती थी किशोरी

परिवार के अनुसार किशोरी को तैरना नहीं आता था। ऐसे में शक जताया जा रहा है कि अगर उसके साथ दुष्कर्म या दुष्कर्म का प्रयास हुआ होगा और उसने विरोध किया होगा, तो संभव है कि आरोपी ने उसे नदी में धक्का दे दिया हो। तैरना न आने की वजह से वह पानी में डूब गई होगी। हालांकि यह अभी सिर्फ आशंका है, जिसकी जांच की जा रही है।

मौसी कर रही थी दोनों भाई-बहन की परवरिश

परिजनों के मुताबिक किशोरी के माता-पिता उसके साथ नहीं रहते थे। मां बचपन में ही घर छोड़कर चली गई थी, जबकि पिता ने दूसरी शादी कर ली थी। ऐसे में किशोरी और उसके भाई की परवरिश उनकी मौसी कर रही थीं। किशोरी की अचानक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। मौसी का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस सभी एंगल से कर रही जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम में डूबने से मौत की पुष्टि जरूर हुई है, लेकिन घटनास्थल के हालात और परिवार के आरोप इस केस को संदिग्ध बना रहे हैं। लैब रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह हादसा था या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश छिपी है। फिलहाल पुलिस मौसा समेत सभी संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।

यह भी पढ़ें: मार्च में तूफानी मौसम! लखनऊ में अचानक बारिश और तेज हवाएं, 24 घंटे का अलर्ट