इजरायल-ईरान जंग से होर्मुज जलडमरूमध्य में सप्लाई रुकने के कारण भारत में LPG की किल्लत है। सरकार ने उत्पादन 30% बढ़ाकर लोगों से न घबराने को कहा है। इस बीच, संकट पर बने मीम्स सोशल मीडिया पर वायरल हैं।
नई दिल्ली: एक तरफ देश में LPG गैस की किल्लत से हाहाकार मचा है, तो दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर मीम्स बनाने वालों ने मौज काट रखी है। इजरायल और ईरान के बीच जंग की वजह से भारत समेत कई देशों में तेल और गैस का संकट खड़ा हो गया है। भारत में भी गैस की सप्लाई पर असर पड़ा है, जिससे लोग परेशान हैं। कई होटल बंद हो गए हैं और हालात गंभीर होते जा रहे हैं। लेकिन इस टेंशन भरे माहौल के बीच, सोशल मीडिया पर गैस की कमी को लेकर बनाए गए मीम्स खूब वायरल हो रहे हैं। लोग इन मीम्स को देखकर अपना सिरदर्द कम कर रहे हैं।
वैसे भी, देश में जब भी कोई बड़ी घटना या अचानक कोई समस्या आती है, तो उस पर मीम्स बनना कोई नई बात नहीं है। अब भारत में गैस की कमी सोशल मीडिया के लिए नया कंटेंट बन गई है। गैस सप्लाई में दिक्कत की बड़ी वजह होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) का बंद होना है। हालांकि, केंद्र सरकार का कहना है कि घबराने की जरूरत नहीं है और देश में गैस का उत्पादन 30% तक बढ़ा दिया गया है।
घबराहट में गैस बुक करने की जरूरत नहीं
सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे घबराहट में आकर LPG गैस सिलेंडर बुक न करें और गैस डीलरों के यहां लंबी लाइनें न लगाएं। बुकिंग के लिए आधिकारिक वेबसाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। सरकार ने साफ किया है कि अस्पताल और स्कूलों जैसी जरूरी जगहों पर LPG की सप्लाई बिना किसी रुकावट के जारी है। जल्द ही इस समस्या का हल निकाल लिया जाएगा।
खबर है कि होर्मुज के पास हुए एक हमले में जहाज पर मौजूद कुछ भारतीय क्रू मेंबर्स की मौत हो गई और कुछ घायल हुए हैं। भारत का एक तेल टैंकर जहाज देश में पहुंच चुका है और बातचीत जारी है। केंद्र सरकार ने कहा है कि गैस संकट को सुलझाने के लिए तेजी से कदम उठाए जा रहे हैं और बेवजह चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।
पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं
सरकार ने यह भी बताया है कि देश में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है, क्योंकि भारत के पास तेल का पर्याप्त भंडार है। फिलहाल दिक्कत सिर्फ गैस सप्लाई को लेकर है, जिसे ठीक करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। गैस डीलरों ने अभी तक गैस खत्म होने की कोई रिपोर्ट नहीं दी है, लेकिन फिर भी केंद्र सरकार सप्लाई में आ रही इस रुकावट को गंभीरता से ले रही है।


