कर्नाटक के कलबुर्गी में एक सरकारी स्कूल टीचर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। 57 साल की ज्योति कपाले की पहले धारदार हथियारों से हत्या की गई, फिर पेट्रोल डालकर उनकी लाश को आग लगा दी गई।

कलबुर्गी: कर्नाटक के कलबुर्गी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सरकारी स्कूल की टीचर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्यारों ने पहले टीचर को धारदार हथियारों से काटा और फिर उनकी लाश को सड़क किनारे ही जला दिया। यह भयानक घटना कलबुर्गी जिले के कमलापुर तालुक के कलमूड गांव में हुई।

मृतक टीचर की पहचान 57 साल की ज्योति कपाले के तौर पर हुई है। ज्योति कलबुर्गी शहर की आनंद कॉलोनी की रहने वाली थीं, लेकिन बीदर जिले के भालकी तालुक के वंजरखेड़ा गांव के एक स्कूल में पढ़ाती थीं। इसलिए, ज्योति ने बीदर में ही घर ले रखा था और वहीं से स्कूल आती-जाती थीं। वह हफ्ते में एक बार कलबुर्गी में अपने घर आती थीं।

अब कलबुर्गी से बीदर जाते समय रास्ते में कमलापुर के कलमूड गांव के पास उनकी जली हुई लाश मिली है। माना जा रहा है कि हत्यारों ने ज्योति की हत्या करने के बाद पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस घटना के सिलसिले में कमलापुर पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर लिया गया है। हत्या की असली वजह अभी तक पता नहीं चल पाई है। पुलिस की जांच के बाद ही इस मर्डर के पीछे का कारण सामने आएगा।