कानपुर की एक युवती ने शादी के बाद पति पर नपुंसकता छिपाने और ससुराल पर धोखाधड़ी व धमकी देने का आरोप लगाया। 38 लाख खर्च से हुई शादी के बाद वह मायके लौटी और रावतपुर थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस जांच में जुटी है।

कानपुर। यूपी में कानपुर के किशोर नगर की रहने वाली एक युवती ने अपनी शादीशुदा जिंदगी को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। युवती का कहना है कि उसकी शादी 25 अप्रैल 2025 को हमीरपुर निवासी युवक से पूरे रीति-रिवाज और धूमधाम के साथ हुई थी। शादी में उसके पिता ने होटल, जेवर, कैटरिंग और अन्य व्यवस्थाओं पर लगभग 38 लाख रुपये खर्च किए थे। परिवार को उम्मीद थी कि बेटी की नई जिंदगी खुशहाल होगी, लेकिन शादी के बाद तो जिंदगी नरक बन गई।

सुहागरात और पति के व्यवहार को लेकर आरोप

पीड़िता के मुताबिक, 26 अप्रैल को वह विदा होकर ससुराल पहुंची। शादी के शुरुआती 4 दिनों में ही उसे पति के व्यवहार पर शक होने लगा। उसका आरोप है कि पति ने उससे दूरी बनाए रखी और सुहागरात तक नहीं मनाई। पत्नी का कहना है, “मैंने कई बार सुहागरात के बारे में कहा, लेकिन वह हर बार टालता रहा। बाद में मुझे लगा कि वह शारीरिक रूप से सक्षम नहीं है। मेरे साथ धोखा हुआ है।”

महीने भर साथ रहा, बार-बार कहने के बाद भी नहीं बनाए संबंध

कुछ दिनों बाद वह मायके लौट आई। इसके बाद पति उसे नोएडा ले गया, जहां उसे अपने बड़े चाचा के फ्लैट में रखा गया। युवती का कहना है कि वहां करीब एक महीने तक साथ रहने के बावजूद पति ने उससे शारीरिक संबंध नहीं बनाए। इसी दौरान उसे शक हुआ कि पति नपुंसक है।

इलाज के नाम पर आश्वासन और धमकियों का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि जब उसने इस बारे में ससुर और उनके बड़े भाई से बात की तो पहले उसे समझाया गया और इलाज कराने का भरोसा दिया गया। कहा गया कि बेटे का इलाज कराया जाएगा और पूरा खर्च परिवार उठाएगा। लेकिन जब उसने इस स्थिति पर आपत्ति जताई तो उसे कथित रूप से धमकियां दी गईं। युवती का कहना है कि उससे पांच लाख रुपये और लाने को कहा गया, ताकि इलाज कराया जा सके। मना करने पर उसे बदनाम करने और परिवार की इज्जत खराब करने की धमकी दी गई। युवती का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने बेटे की सच्चाई छिपाई और शादी में हुआ भारी खर्च भी व्यर्थ कर दिया।

रावतपुर थाने में मामला दर्ज, जांच शुरू

आखिरकार परेशान होकर युवती अपने पिता के घर लौट आई और कानपुर के रावतपुरा पुलिस थाने में पति, ससुर और ताऊ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी कमलेश राय के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है और एक टीम हमीरपुर भेजी जाएगी।

परिवार को न्याय की उम्मीद

लड़की के परिवार का कहना है कि वे फिलहाल ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहते, लेकिन उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद है। यह मामला एक बार फिर शादी से पहले जरूरी जानकारी छिपाने, वैवाहिक धोखाधड़ी और पारिवारिक दबाव जैसे गंभीर मुद्दों पर सवाल खड़े करता है।