केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भीषण गर्मी से बचने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि वे 51 डिग्री में भी AC नहीं चलाते और लू से बचने के लिए जेब में प्याज रखते हैं। सिंधिया ने इसे एक पारंपरिक तरीका बताया।
शिवपुरी: देश के कई हिस्सों में पारा 50 डिग्री के पार जा रहा है। इस जानलेवा गर्मी के बीच केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने लोगों को एक अजीबोगरीब सलाह दी है। उन्होंने कहा, "AC की जरूरत नहीं है। मैं अपनी कार या ऑफिस में AC नहीं चलाता। मई-जून की 51 डिग्री वाली गर्मी में भी मैं ऐसे ही रहता हूं।" सिंधिया ने बताया कि गर्मी से बचने के लिए वो अपनी जेब में एक प्याज रखते हैं। उन्होंने कहा कि यह बहुत पुरानी आदत है।
उन्होंने यह भी याद दिलाया कि आयुर्वेद भले ही तरक्की कर रहा हो, लेकिन हमें ऐसे पारंपरिक तरीकों को नहीं भूलना चाहिए। सिंधिया ने दावा किया कि उनकी चमड़ी 'चंबल की चमड़ी' है, इसलिए वो इतनी तेज गर्मी बर्दाश्त कर लेते हैं। उन्होंने आगे कहा, "मैं देखने में भले ही जवान हूं, लेकिन मेरी आत्मा बहुत पुरानी है। मैं पुरानी बातों में विश्वास रखता हूं।"
सिंधिया का यह बयान उस दिन आया, जब मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में आने वाले दिनों में लू के और तेज होने की चेतावनी दी थी। फिलहाल, देश के ज्यादातर हिस्सों में तापमान 40 से 46 डिग्री के बीच बना हुआ है। महाराष्ट्र के अकोला में हाल ही में पारा 46.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यहां तक कि हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर जैसे इलाकों में भी गर्मी असामान्य रूप से बढ़ रही है।
