Jalgaon Cricket Pitch Controversy : महाराष्ट्र के जलगांव में एक क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में न बुलाए जाने से नाराज नगर पालिका अध्यक्ष ने ट्रैक्टर से पिच खुदवा दी। 12 अप्रैल की इस घटना के कारण मैच बीच में ही रोकना पड़ा। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
मुंबई: महाराष्ट्र के जलगांव जिले में एक क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मैच में न बुलाए जाने से एक नगर पालिका अध्यक्ष इस कदर नाराज हो गए कि उन्होंने ट्रैक्टर से पिच ही बर्बाद कर दी। यह हैरान करने वाली घटना 12 अप्रैल की बताई जा रही है।
धरणगांव एमएलए ट्रॉफी
- जानकारी के मुताबिक, जलगांव जिले के धरणगांव में 'एमएलए ट्रॉफी' क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया था। 12 अप्रैल को इसका फाइनल मैच था। आयोजकों ने धरणगांव नगर पालिका के अध्यक्ष को इस कार्यक्रम में नहीं बुलाया। इसी बात से वो खफा हो गए।
- जब फाइनल मैच चल रहा था, तभी उन्होंने कथित तौर पर एक ट्रैक्टर भेज दिया। ट्रैक्टर ने मैदान में घुसकर पिच को बुरी तरह से रौंद दिया और उसे खेलने लायक नहीं छोड़ा।
- मैच के बीचों-बीच ट्रैक्टर को पिच खराब करते देख खिलाड़ी, दर्शक और आयोजक सब हैरान रह गए। कुछ देर के लिए तो किसी को समझ ही नहीं आया कि हो क्या रहा है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। हालांकि, इस मामले में अब तक कोई पुलिस शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।


