Jabalpur Cruise Tragedy: जबलपुर के बरगी डैम क्रूज हादसे में मां और 4 साल की बेटी की दर्दनाक मौत ने पूरे देश को भावुक कर दिया। 12 घंटे बाद मिले शव में मां अपनी बेटी को सीने से लगाए मिली। हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है।
Mother Daughter Cruise Accident: मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में हुए भीषण क्रूज हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया है। लेकिन इस हादसे से जो सबसे दर्दनाक तस्वीर सामने आई, उसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। एक मां अपनी 4 साल की बेटी को आखिरी पल तक सीने से लगाए रही। जब कई घंटों बाद सेना के गोताखोरों ने दोनों के शव बाहर निकाले, तो यह दृश्य देखकर रेस्क्यू टीम तक भावुक हो गई। यह सिर्फ एक हादसे की तस्वीर नहीं थी, बल्कि एक मां के आखिरी संघर्ष और ममता की ऐसी कहानी थी, जिसे देखकर हर कोई सन्न रह गया।
खुशियों से भरा सफर अचानक मौत में बदल गया
बरगी डैम में लोग परिवार के साथ सैर करने पहुंचे थे। शाम का मौसम, पानी के बीच चल रहा क्रूज और परिवारों की हंसी, सब कुछ सामान्य था। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही मिनटों में यह सफर चीखों और दर्द में बदल जाएगा। शाम करीब 6 बजे अचानक तेज हवाएं चलने लगीं। पानी में ऊंची लहरें उठीं और क्रूज का संतुलन बिगड़ने लगा। देखते ही देखते अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे के दौरान मां ने पहले खुद लाइफ जैकेट पहनने की कोशिश की और फिर अपनी छोटी बेटी को सुरक्षित रखने की कोशिश में जुट गई। लेकिन हालात इतने तेजी से बिगड़े कि दोनों क्रूज के नीचे फंस गए। आसपास मौजूद लोग अपनी जान बचाने में लगे थे। चीखें, मदद की पुकार और डूबते लोगों का डर पूरे माहौल में फैल चुका था। इसी अफरा-तफरी के बीच मां अपनी बेटी को सीने से लगाए रही।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान में कौन कर रहा खौफनाक आतंकियों का सफाया? अब हिजबुल कमांडर की हत्या
12 घंटे बाद मिला मां-बेटी का शव
हादसे के बाद रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा। पुलिस, SDRF, NDRF और सेना के गोताखोर गहरे पानी में लगातार लोगों की तलाश करते रहे। करीब 12 घंटे बाद जब गोताखोरों ने क्रूज के अंदर फंसे शवों को बाहर निकाला, तब सबसे भावुक कर देने वाला दृश्य सामने आया। रेस्क्यू टीम के मुताबिक, मां ने अपनी बेटी को इतनी मजबूती से पकड़ा हुआ था मानो आखिरी सांस तक उसे बचाने की कोशिश करती रही हो। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद जवानों की आंखें भी भर आईं।
सोशल मीडिया पर भावुक कर रही तस्वीर
जैसे ही हादसे से जुड़ी जानकारी सामने आई, सोशल मीडिया पर लोगों ने गहरा दुख जताया। कई लोगों ने इसे “ममता की आखिरी तस्वीर” बताया। लोगों का कहना है कि एक मां आखिरी पल तक अपने बच्चे को बचाने की कोशिश करती है और जबलपुर हादसे ने इस सच्चाई को बेहद दर्दनाक तरीके से सामने ला दिया।
10 मिनट की अफरा-तफरी ने उजाड़ दिए कई परिवार
प्रारंभिक जांच के अनुसार, हादसा महज 10 मिनट के भीतर हुआ। बताया जा रहा है कि लाइफ जैकेट लेने के लिए लोग एक तरफ जमा हो गए, जिससे क्रूज का संतुलन बिगड़ गया। कुछ लोग तैरकर बाहर निकल आए, लेकिन कई यात्री अंदर ही फंस गए। अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे गंभीर सवाल
हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर उठ रहा है। यदि यात्रियों को पहले से लाइफ जैकेट पहनाई जाती, अगर मौसम खराब होने पर क्रूज रोका जाता, तो शायद इतनी बड़ी त्रासदी टाली जा सकती थी। विशेषज्ञों का मानना है कि जल पर्यटन में सुरक्षा नियमों की छोटी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।
सरकार ने किया मुआवजे का ऐलान
मध्य प्रदेश सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। मंत्री राकेश सिंह और पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी पूरी रात मौके पर मौजूद रहे। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी हादसे पर दुख जताते हुए जांच के निर्देश दिए हैं।
एक तस्वीर, जिसे देश शायद भूल नहीं पाएगा
बरगी डैम हादसे में कई लोगों ने अपनी जान गंवाई, लेकिन मां और बेटी की तस्वीर इस त्रासदी की सबसे बड़ी पहचान बन गई है। यह तस्वीर सिर्फ एक परिवार के टूटने की कहानी नहीं, बल्कि उस दर्द का प्रतीक है जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है।
यह भी पढ़ें: “बचाओ… बचाओ…” और फिर सब खत्म, मायूस कर देगी बरगी डैम हादसे के बाद की ये 10 Photos
