Iran-America War: अमेरिका ने ईरान के सबसे अहम 'खार्ग आइलैंड' पर अब तक की सबसे भीषण एयरस्ट्राइक का लाइव वीडियो जारी किया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के आदेश पर अमेरिकी सेना ने चंद मिनटों में ईरान के 90 से ज्यादा सैन्य ठिकानों, मिसाइल बंकर्स और समुद्री बारूद के गोदामों को मिट्टी में मिला दिया। 

Iran War Live Video: ईरान और अमेरिका की जंग के बीच एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने पूरी दुनिया को सन्न कर दिया है। शनिवार को अमेरिका ने अपनी ताकत दिखाते हुए उन 'प्रेसिजन स्ट्राइक्स' (सटीक हमलों) का लाइव फुटेज जारी किया, जो उन्होंने ईरान के सबसे खास हिस्से यानी खार्ग आइलैंड (Kharg Island) पर किए हैं। डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर हुई इस एक्शन को मिडिल-ईस्ट के इतिहास की अब तक की सबसे भीषण बमबारी बताया जा रहा है।

वीडियो में क्या है?

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर जारी किए गए इस वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे अंधेरी रात में अमेरिकी मिसाइलों ने खार्ग आइलैंड के चप्पे-चप्पे को निशाना बनाया। अमेरिकी सेंट्रल कमांड का दावा है कि उन्होंने एक साथ ईरान के 90 से ज्यादा मिलिट्री ठिकानों को धुआं-धुआं कर दिया। हमलों में ईरान के मिसाइल बंकर, नेवल माइन्स (समुद्री बारूद) के गोदाम और कई सैन्य ठिकाने पूरी तरह मिट्टी में मिल गए हैं। खास बात यह है कि इतनी भारी बमबारी के बाद भी अमेरिका ने खार्ग आइलैंड के तेल इन्फ्रास्ट्रक्चर को नुकसान नहीं पहुंचाया है।

Scroll to load tweet…

तेल की एक बंद नहीं बर्बाद की- ट्रंप

खुद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस हमले की जानकारी शेयर करते हुए इसे अब तक का सबसे पावरफुल रेड बताया। ट्रंप ने लिखा, 'मैंने जानबूझकर तेल सुविधाओं को तबाह नहीं करने का फैसला किया। हमारे हथियार दुनिया में सबसे ताकतवर हैं, लेकिन शराफत के नाते हमने ईरान के तेल के खजाने को छोड़ दिया है।' दरअसल, खार्ग आइलैंड ईरान के लिए 'ताज के रत्न' (Crown Jewel) जैसा है। ईरान का 90% कच्चा तेल यहीं से दुनिया भर में जाता है। अगर यहाँ तेल की पाइपलाइनों में आग लगती, तो पूरी दुनिया में पेट्रोल-डीजल की कमी हो जाती और दाम आसमान छूने लगते।

तेहरान में भी मचा हड़कंप

एक तरफ खार्ग आइलैंड दहला, तो दूसरी तरफ ईरान की राजधानी तेहरान के मुख्य चौक पर भी एक जोरदार धमाका हुआ। यहां हजारों लोग फिलिस्तीन के समर्थन में रैली निकाल रहे थे। इस तनावपूर्ण माहौल ने दुनिया को डरा दिया है क्योंकि ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई में कई ड्रोन और मिसाइलें दागी हैं। इससे पहले ईरान ने होर्मुज जलमार्ग (Strait of Hormuz) को बंद कर दिया है। यह वही रास्ता है जहाँ से दुनिया का 20% तेल गुजरता है। अगर यह रास्ता बंद रहा, तो मिडिल ईस्ट की ये जंग हर घर की रसोई और बजट पर असर डालेगी।