Blinkit Delivery Boy Earning: Blinkit डिलीवरी बॉय के पहले दिन की कमाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एजेंट ने बताया कि उसने डेढ़ घंटे में 64 रुपये कमाए। इस वीडियो के बाद डिलीवरी एजेंट्स की कमाई को लेकर नई बहस शुरू हो गई है।
Blinkit Agent First Day Earning: बड़े शहरों में अब किराना से लेकर रोजमर्रा की चीजें घर बैठे मंगाना बहुत आम हो गया है। कुछ ही मिनटों में सामान पहुंचाने वाली सेवाओं ने लोगों की जिंदगी आसान बना दी है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जो डिलीवरी बॉय आपके घर तक यह सामान लेकर आता है, वह आखिर कितना कमाता होगा?
इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें Blinkit का एक डिलीवरी एजेंट अपने पहले दिन के अनुभव और कमाई के बारे में बताता नजर आ रहा है। वीडियो देखने के बाद इंटरनेट पर इस विषय को लेकर नई बहस शुरू हो गई है।
पहले दिन की कमाई का वीडियो हुआ वायरल
वायरल वीडियो में एक डिलीवरी बॉय अपने चेहरे पर मुस्कान के साथ अलग-अलग जगहों पर ऑर्डर डिलीवर करता दिखाई देता है। वह कैमरे के जरिए लोगों को बताता है कि आज Blinkit में उसका पहला दिन है और वह लगातार ऑर्डर पूरा कर रहा है। वीडियो में वह बताता है कि करीब डेढ़ घंटे में उसने कुल 64 रुपये कमाए। लड़का यह भी बताता है कि एक ऑर्डर उसे अपने घर के पास ही मिला, जिससे उसे काफी खुशी हुई। उसकी बातचीत और काम के दौरान का उत्साह सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींच रहा है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में छात्रों की बल्ले-बल्ले! 9वीं की बेटियों को साइकिल, 10वीं के टॉपर्स को मिलेगा लैपटॉप
मुस्कान के साथ काम कर रहा डिलीवरी बॉय
वीडियो में यह डिलीवरी एजेंट हर ऑर्डर के बाद अपना अनुभव शेयर करता नजर आता है। खास बात यह है कि कम कमाई के बावजूद वह काफी खुश दिखाई देता है और पूरे समय मुस्कुराते हुए काम करता रहता है। यही वजह है कि वीडियो देखने के बाद कई लोग उसकी मेहनत और सकारात्मक सोच की तारीफ कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर आए अलग-अलग रिएक्शन
इस वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स के कई तरह के कमेंट्स देखने को मिल रहे हैं। कुछ लोग इस डिलीवरी एजेंट के जज्बे और मेहनत की सराहना कर रहे हैं, तो कुछ लोग इस कमाई को लेकर सवाल भी उठा रहे हैं।
एक यूजर saraswatisharma30 ने लिखा, “64 से 640, फिर 6400 और फिर 64000 होगा, बस आगे बढ़ते रहो। मेहनत का फल जरूर मिलता है।”
वहीं uttarakhandi.by.birth नाम की यूजर ने लिखा, “मेहनत की कमाई का मजा ही अलग होता है। ऐसी मेहनत ही इंसान को आगे ले जाती है।”
कुछ लोगों ने कंपनियों पर उठाए सवाल
हालांकि कुछ यूजर्स ने इस कमाई को लेकर चिंता भी जताई है। arunlanguagetutor नाम के यूजर ने लिखा कि अगर डेढ़ घंटे में 64 रुपये मिलते हैं, तो 9 घंटे में करीब 384 रुपये बनते हैं। अगर महीने में 25 दिन काम किया जाए तो कुल कमाई लगभग 9600 रुपये होती है। उन्होंने इसे डिलीवरी वर्कर्स के साथ होने वाला शोषण बताया।
गिग इकॉनमी पर फिर शुरू हुई बहस
यह वीडियो सामने आने के बाद गिग इकॉनमी यानी ऐप आधारित काम करने वाले डिलीवरी एजेंट्स की आय को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। जानकारों का कहना है कि डिलीवरी एजेंट्स की कमाई कई चीजों पर निर्भर करती है, जैसे ऑर्डर की संख्या, शहर का इलाका, इंसेंटिव और काम के घंटे। इसलिए हर डिलीवरी पार्टनर की कमाई अलग-अलग हो सकती है।
यह भी पढ़ें: 90% तेल विदेशी जहाजों से आता है… मोदी सरकार ने अचानक लिया एक और बड़ा फैसला
