‘Read Now, सॉरी पापा…’ सुसाइड नोट ने खोले गाजियाबाद की तीन बहनों की मौत के राज
Ghaziabad Sisters Suicide: गाजियाबाद की भारत सिटी सोसाइटी में तीन सगी बहनों ने 9वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। पुलिस को कमरे से सुसाइड नोट और डायरी मिली है। शुरुआती जांच में ऑनलाइन टास्क बेस्ड कोरियन गेम की लत सामने आई है, हर एंगल से जांच जारी है।

गाजियाबाद की 9वीं मंजिल से छलांग, तीन बहनों की एक साथ मौत ने झकझोरा शहर
गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके में स्थित भारत सिटी सोसाइटी सोमवार रात उस वक्त सन्नाटे में डूब गई, जब एक ही परिवार की तीन सगी बहनों ने एक साथ 9वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। इस हृदयविदारक घटना ने न सिर्फ परिजनों को तोड़ दिया, बल्कि पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीनों बहनें एक ऑनलाइन टास्क बेस्ड कोरियन गेम की गिरफ्त में थीं, जिसने धीरे-धीरे उनकी जिंदगी पर कब्जा कर लिया।
कमरे से मिला सुसाइड नोट और डायरी
पुलिस को तीनों बहनों के कमरे से एक सुसाइड नोट और एक डायरी मिली है, जिसे जांच का सबसे अहम सुराग माना जा रहा है। डायरी के पहले पन्ने पर लिखा है- “इस डायरी में जो कुछ लिखा है, सब पढ़ लेना, क्योंकि ये सब सच है। रीड नाऊ। आई एम रियली सॉरी… सॉरी पापा।”
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डायरी में लिखी बातें तीनों के मानसिक हालात और आत्महत्या के पीछे के कारणों को समझने में मदद कर सकती हैं। फिलहाल डायरी को भी फॉरेंसिक जांच के दायरे में रखा गया है।
रात दो बजे मची अफरातफरी
यह दर्दनाक घटना भारत सिटी सोसाइटी के बी-1 टावर स्थित फ्लैट नंबर 907 की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, रात करीब दो बजे तेज आवाज सुनाई दी। जब लोग बाहर निकले तो 16 वर्षीय निशिका, 14 वर्षीय प्राची और 12 वर्षीय पाखी खून से लथपथ हालत में नीचे पड़ी थीं। आनन-फानन में तीनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ऑनलाइन गेम की लत बनी जांच का केंद्र
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि तीनों बहनें एक ऑनलाइन टास्क बेस्ड कोरियन गेम खेलती थीं। परिजनों का कहना है कि उन्होंने कई बार बच्चियों को ऐसे गेम्स से दूर रहने की सलाह दी थी, लेकिन इसका कोई असर नहीं पड़ा। पुलिस ने तीनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं और उन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि गेम के जरिए उन्हें किसी तरह का दबाव या मानसिक नियंत्रण तो नहीं झेलना पड़ा।
पारिवारिक पृष्ठभूमि भी खंगाल रही पुलिस
जांच में यह भी सामने आया है कि लड़कियों के पिता चेतन ने दो शादियां कर रखी हैं और बीते तीन-चार साल से वह अपनी दोनों पत्नियों और बच्चों के साथ इसी सोसाइटी में रह रहे थे। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या पारिवारिक हालात या किसी तरह का घरेलू तनाव भी इस सामूहिक आत्महत्या की वजह बना।
#WATCH गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश: 9वीं मंजिल की बालकनी से कूदने से 3 लड़कियों की मृत्यु हो गई।
SSP शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने कहा, "रात करीब 2:15 बजे सूचना प्राप्त हुई कि भारत सिटी में टावर बी1 के नौवीं मंजिल की बालकनी से 3 बच्चियां कूद गई हैं। मौके पर 3 बच्चियां निशिका(16)… pic.twitter.com/ARrlkHKrou— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 4, 2026
सदमे में सोसाइटी, हर एंगल से जांच
तीनों बहनों की एक साथ मौत के बाद सोसाइटी के लोग डरे और सहमे हुए हैं। हर किसी के मन में यही सवाल है कि आखिर इतनी छोटी उम्र में तीन बच्चियां इतना बड़ा कदम उठाने के लिए कैसे मजबूर हो गईं। पुलिस का कहना है कि यह मामला बेहद संवेदनशील है और हर संभावित एंगल से जांच की जा रही है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
Disclaimer: आत्महत्या किसी समस्या का हल नहीं है। अगर आपके मन में भी सुसाइड या खुद को चोट पहुंचाने जैसे ख्याल आ रहे हैं तो आप फौरन घर-परिवार, दोस्तों और साइकेट्रिस्ट की मदद ले सकते हैं। इसके अलावा आप इन हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल करके भी मदद मांग सकते हैं। आसरा (मुंबई) 022-27546669, सुमैत्री (दिल्ली) 011-23389090, रोशनी (हैदराबाद) 040-66202000, लाइफलाइन 033-64643267 (कोलकाता)। मानसिक तनाव होने पर काउंसलिंग के लिए हेल्पलाइन नंबर 14416 और 1800 8914416 पर संपर्क कर घर बैठे मदद पा सकते हैं।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

