UP पुलिस सिपाही भर्ती 2025 की लिखित परीक्षा 8, 9 और 10 जून को होगी। भर्ती के तहत 32,679 पद भरे जाएंगे। योगी सरकार ने अभ्यर्थियों को 3 वर्ष की आयु छूट देकर बड़ी राहत दी है।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। योगी आदित्यनाथ सरकार ने आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के तहत होने वाली लिखित परीक्षा की तारीखों की घोषणा कर दी है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPBPB) द्वारा मंगलवार को जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, सिपाही भर्ती 2025 की लिखित परीक्षा 8 जून, 9 जून और 10 जून 2026 को आयोजित की जाएगी।

UP Police Constable Exam Date 2025: तीन दिन, दो पालियों में होगी परीक्षा

UP पुलिस सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा तीनों दिनों में दो-दो पालियों में आयोजित की जाएगी। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारी जैसे- परीक्षा केंद्र, एडमिट कार्ड और परीक्षा से जुड़े दिशा-निर्देश जल्द ही UPPBPB की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से वेबसाइट चेक करते रहें।

UP Police Bharti 2025 Vacancy: 32,679 पदों पर होगी भर्ती

इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से कुल 32,679 पदों को भरा जाएगा। यह भर्ती प्रदेश के युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर मानी जा रही है, जिससे पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर नियुक्तियां होंगी।

UP Police Age Limit Relaxation: अभ्यर्थियों को योगी सरकार की बड़ी राहत

योगी सरकार ने पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सिपाही भर्ती 2025 के लिए अधिकतम आयु सीमा में एकमुश्त 3 वर्ष की छूट प्रदान की गई है। यह निर्णय अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, जिससे वे उम्मीदवार भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे, जो पहले आयु सीमा के कारण बाहर हो रहे थे।

Age Relaxation Rule: शासनादेश के तहत लागू हुआ फैसला

यह आयु शिथिलीकरण निर्णय उत्तर प्रदेश लोक सेवा (भर्ती के लिए आयु सीमा का शिथिलीकरण) नियमावली-1992 के नियम-3 के तहत लिया गया है। यह फैसला 31 दिसंबर 2025 को जारी भर्ती विज्ञप्ति के क्रम में 5 जनवरी 2026 को जारी शासनादेश के माध्यम से लागू किया गया है।

UP Police Constable Bharti 2024: अब तक की सबसे बड़ी भर्ती

गौरतलब है कि वर्ष 2024 में उत्तर प्रदेश पुलिस में 60,244 कांस्टेबल पदों पर भर्ती की गई थी, जो प्रदेश सरकार की अब तक की सबसे बड़ी पुलिस भर्ती थी। इस भर्ती में चयनित कुल पदों में से 20 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित रखे गए थे, जिससे महिला सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिला।