Ghaziabad Horror News : गाजियाबाद में एक व्यक्ति ने अफेयर के चलते अपनी पत्नी और दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात उसके 7 साल के बेटे के सामने हुई। आरोपी मौके से फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 38 साल के आदमी ने अपनी पत्नी और अपने ही जिगरी दोस्त को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी राशिद को पता चल गया था कि उसकी पत्नी शबनम और उसके दोस्त फहीम के बीच अफेयर चल रहा था। उसे यह भी पता चला कि शबनम उसे छोड़ने की तैयारी कर रही थी।
आरोप है कि राशिद ने सोमवार शाम फहीम को डिनर पर घर बुलाया। तीनों ने साथ में खाना खाया और सिगरेट भी पी। इसके बाद यह खौफनाक वारदात हुई। पुलिस ने बताया कि कत्ल की यह पूरी घटना दंपति के 7 साल के बेटे ने अपनी आंखों से देखी। बच्चे ने पुलिस को बताया कि उसके पापा (राशिद) ने बेडरूम की अलमारी से बंदूक निकाली, पहले फहीम को गोली मारी और फिर उसकी मां को। दोनों के सिर में करीब से गोली मारी गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पत्नी-प्रेमी का मर्डर कर आरोपी बोला- अब सब ठीक हो जाएगा
बताया जा रहा है कि हत्या के बाद राशिद ने अपने बेटे की तरफ देखा और कहा, "अब सब ठीक हो जाएगा", और फिर वहां से फरार हो गया। गोलियों की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और दोनों को पास के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने फहीम के पिता की शिकायत पर राशिद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (हत्या) के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं, लेकिन वह अभी भी फरार है। पुलिस उस हथियार को भी बरामद करने की कोशिश कर रही है जिससे हत्या की गई और यह पता लगा रही है कि राशिद को यह बंदूक कहां से मिली।
जांच में यह भी सामने आया है कि राशिद और फहीम, दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। फहीम पर हत्या की कोशिश, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज थे। वहीं, राशिद को भी 2023 में एक चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। डीसीपी (ग्रामीण) सुरेंद्र नाथ तिवारी ने पुष्टि की कि दोनों पीड़ितों के सिर में गोली लगने से मौत हुई है।
7 बच्चों की मां ने किया इश्क, नतीजा- घर में गिरीं 2 लाशें…
दंपति के 7 बच्चे हैं, जिनकी उम्र 1.5 साल से लेकर 20 साल के बीच है। परिवार वालों और पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि घर में कई महीनों से तनाव चल रहा था। खासकर छह महीने पहले, जब उनके बड़े बेटे की शादी के वक्त राशिद को इस अफेयर के बारे में पता चला। बार-बार मना करने के बावजूद, दोनों का रिश्ता कथित तौर पर जारी रहा, जिससे घर में अक्सर झगड़े होते थे। पुलिस ने यह भी खुलासा किया कि शबनम तलाक लेना चाहती थी और घर बेचने का इरादा रखती थी, जो उसी के नाम पर था।
मासूम बच्चे ने आंखों से देखा जब खौफनाक मंजर
हत्याकांड से करीब एक हफ्ते पहले भी राशिद और फहीम के बीच इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। वारदात वाली रात, राशिद को लगा कि उसके बच्चे सो गए हैं। उसने घर में पहले से छिपाकर रखी पिस्टल निकाली और दोनों से फिर से भिड़ गया। जैसे ही बहस बढ़ी, दंपति का छोटा बेटा, जो टीवी देख रहा था, कमरे में आ गया और उसने इस खौफनाक मंजर को अपनी आंखों से देखा।


