Ghaziabad Double Murder Case: गाजियाबाद के लोनी इलाके में पति ने पत्नी और अपने दोस्त को गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि अवैध संबंध को लेकर विवाद चल रहा था। वारदात के बाद आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
UP Crime: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के लोनी इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी और अपने ही दोस्त को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि घटना से कुछ देर पहले तीनों ने साथ बैठकर खाना भी खाया था। इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया है और उसकी तलाश के लिए कई टीमों को लगाया गया है।
लोनी के बुद्ध बाजार मोहल्ले की घटना
यह मामला गाजियाबाद के लोनी इलाके के बुद्ध बाजार मोहल्ले का बताया जा रहा है। यहां रहने वाला राशिद अपनी पत्नी शबनम और सात बच्चों के साथ रहता था। सोमवार देर रात राशिद, उसकी पत्नी शबनम और पड़ोस में रहने वाला उसका दोस्त फहीम एक ही कमरे में मौजूद थे। बताया जा रहा है कि तीनों ने साथ बैठकर खाना भी खाया। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर में यह साथ बैठकर खाया गया खाना शबनम और फहीम के लिए आखिरी साबित होगा।
यह भी पढ़ें: यूपी की मजूदर अनीता देवी बनी लखपति दीदी, अपने Idea से बदली 4400 महिलाओं की किस्मत
अवैध संबंध को लेकर चल रहा था विवाद
जानकारी के अनुसार, 36 साल की शबनम और राशिद की शादीशुदा जिंदगी पहले ठीक चल रही थी और दोनों के सात बच्चे भी हैं। लेकिन पिछले कुछ सालों में राशिद का पड़ोसी फहीम उससे काफी घुल-मिल गया था। उसका घर में आना-जाना बढ़ गया था। इसी दौरान फहीम और शबनम एक-दूसरे के करीब आ गए और दोनों के बीच संबंध बन गए। जब इस बात की जानकारी राशिद को हुई तो उसने इसका विरोध किया। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर घर में लंबे समय से विवाद और तनाव चल रहा था।
खाना खाने के बाद हुई बहस और चली गोली
सोमवार रात तीनों एक कमरे में बैठे थे। पहले सभी ने साथ खाना खाया। इसके बाद रिश्तों को लेकर बातचीत शुरू हुई जो धीरे-धीरे बहस में बदल गई। बताया जा रहा है कि इसी दौरान राशिद ने तमंचा निकाल लिया और अपनी पत्नी शबनम और दोस्त फहीम पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस को रात में मिली सूचना
पुलिस के अनुसार, रात करीब 12:40 बजे डायल-112 पर घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस जब घर के अंदर पहुंची तो शबनम और फहीम के शव खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी राशिद मौके से फरार हो चुका था।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
इस मामले में पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने बताया कि शुरुआती जांच में हत्या की वजह अवैध प्रेम संबंध सामने आ रहा है। उन्होंने बताया कि आरोपी राशिद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमों का गठन किया गया है और उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
यह भी पढ़ें: 90% तेल विदेशी जहाजों से आता है… मोदी सरकार ने अचानक लिया एक और बड़ा फैसला


