हिसार में नशे में धुत एक महिला ने बीच सड़क पर कार रोककर हंगामा किया। राजस्थान की सरकारी नर्स बताई जा रही महिला ने लोगों से गाली-गलौज की। पुलिस ने हस्तक्षेप कर उसे स्टेशन पहुंचाया, जिसका वीडियो वायरल हो गया।
हरियाणा के हिसार में देर रात हुई एक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में नशे में धुत्त एक महिला हिसार की एक व्यस्त सड़क पर अपनी कार रोककर लोगों को गालियां देती और अपनी सैलरी का रौब झाड़ती दिख रही है। जब लोगों ने उसे सड़क के बीच से कार हटाने के लिए कहा, तो वह तैयार नहीं हुई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे स्टेशन ले गई।
नशे में धुत्त होकर काटा बवाल
यह घटना रात करीब 11 बजे हिसार के कैंप चौक के पास हुई। नशे में धुत्त महिला ने राजस्थान रजिस्ट्रेशन नंबर वाली अपनी कार को सड़क के बीचों-बीच रोक दिया और वहां से गुजर रहे लोगों से बहस और गाली-गलौज करने लगी। जब लोगों ने उसे कार हटाने को कहा तो वह भड़क गई। इसके बाद सड़क पर भीड़ जमा हो गई, लेकिन महिला लगातार हंगामा करती रही। उसने लोगों पर अपनी नौकरी और सैलरी का रौब भी दिखाया। उसे यह कहते हुए भी सुना जा सकता है कि अगर पुलिस उसकी कार जब्त कर लेगी, तो वह तुरंत दूसरी कार खरीद लेगी। आखिरकार, वहां से गुजर रहे एक सब-इंस्पेक्टर और महिला कांस्टेबल ने मिलकर उसे स्टेशन पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि महिला राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सरकारी नर्स है।
लोगों ने सोशल मीडिया पर लगाई क्लास
इस घटना के वीडियो पर लोग जमकर गुस्सा निकाल रहे हैं। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने शराब पीकर गाड़ी चलाने और सार्वजनिक जगह पर ऐसे गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार की कड़ी आलोचना की है। एक यूजर ने लिखा, 'अब इसके माफी वाले वीडियो का इंतजार है। उम्मीद है कि इस घटना के बाद इसे नौकरी से निकाल दिया जाएगा।' एक अन्य यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि अब महिलाएं उन क्षेत्रों में भी आगे बढ़ रही हैं, जहां पहले पुरुषों का दबदबा था। एक और कमेंट में लिखा गया कि एक सरकारी कर्मचारी होने के बावजूद इसमें कोई नैतिक जिम्मेदारी या नागरिक बोध नहीं है।
