महाराष्ट्र में अशोक खरात वीडियो मामले में साइबर सेल ने IT एक्ट के तहत FIR दर्ज की। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो बेचने और पीड़ितों की पहचान उजागर होने से मामला गंभीर हुआ। जांच तेज, जल्द गिरफ्तारी संभव।
Ashok Kharat Viral Video Updates: महाराष्ट्र में चर्चित अशोक खरात वीडियो मामले में अब बड़ी कार्रवाई हुई है। महाराष्ट्र साइबर सेल ने अशोक खरात और पीड़ित महिलाओं से जुड़े कथित आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर फैलाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। यह मामला आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत दर्ज किया गया है। जांच एजेंसी ने 4 अलग-अलग सोशल मीडिया लिंक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इन लिंक के जरिए वीडियो प्रसारित किए जा रहे थे। जानकारी के अनुसार, अशोक खरात से जुड़े 15 से 17 अश्लील वीडियो फेसबुक, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और कुछ एडल्ट वेबसाइट्स पर वायरल किए गए।
20 से 50 रुपए में बिक रहे अशोक खरात के अश्लील वीडियो
इस मामले में एक चौंकाने वाली बात सामने आई है। कुछ मामलों में इन वीडियो को देखने के लिए लोगों से 20 से 50 रुपये प्रति वीडियो वसूले जा रहे थे। भुगतान करने के बाद ही संबंधित लोगों को ये वीडियो भेजे जाते थे। पुलिस के अनुसार, इन वीडियो के प्रसार से कई पीड़ित महिलाओं की पहचान भी सामने आ गई है। इससे उनकी निजी जिंदगी और सम्मान पर गंभीर असर पड़ा है, जो एक बड़ा चिंता का विषय है।
महाराष्ट्र साइबर की जांच तेज, जल्द गिरफ्तारी की संभावना
महाराष्ट्र साइबर सेल के प्रमुख यशस्वी यादव ने बताया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की जा सकती है। साइबर सेल ने जिन चार लिंक के खिलाफ केस दर्ज किया है, उन पर आपत्तिजनक कंटेंट को प्रमोट और शेयर करने का आरोप है। जांच एजेंसी अब यह भी पता लगा रही है कि इन वीडियो को और किन-किन स्रोतों से फैलाया गया।
मामला बना राजनीतिक विवाद, नेताओं के नाम आए सामने
यह मामला अब राजनीतिक विवाद का रूप भी लेता जा रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया ने दावा किया है कि उन्होंने अशोक खरात के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से विश्लेषण किया।
AI टूल के जरिए कॉल रिकॉर्ड का विश्लेषण
दमानिया के अनुसार, उन्होंने एआई आधारित लार्ज लैंग्वेज मॉडल “क्लॉड” का इस्तेमाल किया। इसके जरिए उन्होंने यह समझने की कोशिश की कि अशोक खरात ने किन-किन लोगों से कितनी बार बातचीत की। उनका कहना है कि उन्होंने कोई गैरकानूनी काम नहीं किया, बल्कि एक्सेल डेटा को एआई टूल से जांचकर संबंधित जानकारी अधिकारियों को दी।
बड़े नेताओं से संपर्क के दावे
दमानिया ने दावा किया कि 18 मार्च से जेल में बंद अशोक खरात की उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से 17 बार बातचीत हुई। वहीं, रूपाली चाकणकर से 177 बार संपर्क हुआ। इसके अलावा सुनील तटकरे, चंद्रकांत पाटिल और आशीष शेलार जैसे नेताओं के नाम भी सामने आने की बात कही गई है।


