Agra Girl Suicide Case: आगरा में युवती ने सुसाइड से पहले वीडियो बनाकर ताजगंज थाने के कांस्टेबल जेबी गौतम पर शादी का झांसा देकर 4 साल तक शोषण करने का आरोप लगाया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी कांस्टेबल को गिरफ्तार कर निलंबित कर दिया है।
आगरा से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उसने एक वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड किया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवती ने एक पुलिस कांस्टेबल पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक और मानसिक शोषण करने का आरोप लगाया है।
वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है और पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई है। युवती के परिजनों की शिकायत पर आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
4 साल तक लिव-इन में रहने का आरोप
मामले में सामने आई जानकारी के मुताबिक युवती पिछले करीब चार साल से आगरा के ताजगंज थाने में तैनात पुलिस कांस्टेबल जेबी गौतम के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। युवती का आरोप था कि कांस्टेबल ने उससे शादी का वादा किया था। इसी भरोसे पर वह उसके साथ रहने लगी। लेकिन समय बीतने के साथ कांस्टेबल ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी। युवती का कहना था कि जब भी वह शादी की बात करती, तो कांस्टेबल कहता कि उसका परिवार इस रिश्ते को स्वीकार नहीं करेगा।
यह भी पढ़ें: LPG Crisis: LPG की किल्लत पर नया जुगाड़, गैस सिलिंडर नहीं तो सरकार देगी लकड़ियां!
वायरल वीडियो में युवती ने सुनाई पूरी कहानी
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में युवती बेहद भावुक हालत में दिखाई दे रही है। वीडियो में वह कहती है कि जेबी गौतम ने उसे चार साल तक बीवी की तरह रखा, लेकिन अब छोड़ दिया है। वह कई बार शादी की बात करती रही, लेकिन हर बार उसे टाल दिया गया। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि कांस्टेबल के भाई ने भी एक अन्य लड़की के साथ ऐसा ही किया है। वीडियो में युवती ने यह भी कहा कि आरोपी पुलिस में है, इसलिए उसे लगता है कि उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी।
“मेरी मौत का जिम्मेदार वही होगा”
वीडियो के आखिर में युवती ने साफ शब्दों में कहा कि अगर वह आत्महत्या करती है तो इसके लिए जेबी गौतम और उसका परिवार जिम्मेदार होगा। उसने कहा कि उसे जीते जी न्याय नहीं मिला, लेकिन उम्मीद है कि मरने के बाद उसे इंसाफ जरूर मिलेगा।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस में हड़कंप
जैसे ही युवती का वीडियो सामने आया, पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए युवती के परिजनों की शिकायत पर आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी कांस्टेबल निलंबित, जेल भेजा गया
आगरा के डीसीपी सिटी अली अब्बास ने इस मामले में विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। आरोपी कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं युवती के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा है कि अगर जांच में कोई भी दोषी पाया जाता है तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।
यह भी पढ़ें: ऐसा भी कोई करता है? पहले बच्चे को स्कूटर की डिक्की में रखा, फिर निकल गई महिला… वीडियो देख लोग दंग
Disclaimer: आत्महत्या किसी समस्या का हल नहीं है। अगर आपके मन में भी सुसाइड या खुद को चोट पहुंचाने जैसे ख्याल आ रहे हैं तो आप फौरन घर-परिवार, दोस्तों और साइकेट्रिस्ट की मदद ले सकते हैं। इसके अलावा आप इन हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल करके भी मदद मांग सकते हैं। आसरा (मुंबई) 022-27546669, सुमैत्री (दिल्ली) 011-23389090, रोशनी (हैदराबाद) 040-66202000, लाइफलाइन 033-64643267 (कोलकाता)। मानसिक तनाव होने पर काउंसलिंग के लिए हेल्पलाइन नंबर 14416 और 1800 8914416 पर संपर्क कर घर बैठे मदद पा सकते हैं।
