सार
कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने अहमदाबाद में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस को पहले अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी, तभी जनता उसे वोट देगी। जानिए पूरी खबर।
Rahul Gandhi Samvad in Ahmedabad: गुजरात में कांग्रेस पूरी ताकत के साथ चुनाव में जाना चाहती है। राज्य में लगातार हार के बाद कांग्रेस में संगठन को लेकर मंथन चल रहा है। शनिवार को राहुल गांधी अहमदाबाद में थे। यहां आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में राहुल गांधी ने कांग्रेसियों के साथ सीधा संवाद किया। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने संगठन को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी को पहले अपनी जिम्मेदारियां निभानी होंगी, तभी जनता उन्हें सत्ता में लाने पर विचार करेगी।
30 साल से सत्ता से बाहर, पहले अपनी भूमिका निभाएं
राहुल गांधी ने कहा: गुजरात में हमें सत्ता से बाहर हुए लगभग 30 साल हो गए हैं। जब भी मैं यहां आता हूं, विधानसभा चुनावों की चर्चा होती है—2007, 2012, 2017, 2022, 2027… लेकिन असल मुद्दा चुनाव नहीं है। जब तक हम अपनी जिम्मेदारियां नहीं निभाते, तब तक जनता हमें जीत नहीं दिलाएगी। हमें लोगों से सत्ता में लाने की अपील भी नहीं करनी चाहिए, जब तक हम खुद को मजबूत नहीं कर लेते। जिस दिन हम यह कर लेंगे, गुजरात की जनता खुद हमें समर्थन देगी।
गुजरात से मिला था कांग्रेस को नेतृत्व
राहुल गांधी ने स्वतंत्रता संग्राम में गुजरात की भूमिका को याद करते हुए कहा: जब कांग्रेस पार्टी को ब्रिटिश हुकूमत का सामना करना पड़ा तो हमें हर जगह नेतृत्व की तलाश थी। हमें नेतृत्व कहां से मिला? गांधीजी (Mahatma Gandhi) दक्षिण अफ्रीका से आए लेकिन असल में हमें यह नेतृत्व गुजरात ने दिया। गांधीजी के बिना कांग्रेस देश को आजादी नहीं दिला पाती और गांधीजी के बिना कांग्रेस नहीं होती। गुजरात ने हमें सोचने, लड़ने और जीने का तरीका सिखाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पांच सबसे बड़े नेताओं में से दो गुजरात ने दिए हैं।
यह भी पढ़ें: Delimitation issue: आर-पार की लड़ाई के मूड में स्टालिन, दक्षिण राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बुलाई अहम मीटिंग
गुजरात कांग्रेस आज सही रास्ता नहीं दिखा पा रही
राहुल गांधी ने अपनी ही पार्टी पर सवाल उठाते हुए कहा कि गुजरात रुका हुआ महसूस कर रहा है, उसे रास्ता नहीं दिख रहा। मैं कांग्रेस का सदस्य हूं और यह मानता हूं कि गुजरात कांग्रेस (Gujarat Congress) आज उसे रास्ता नहीं दिखा पा रही। इसमें न सिर्फ कार्यकर्ताओं की बल्कि मेरी भी जिम्मेदारी बनती है। पिछले 30 सालों में गुजरात की जनता ने हमसे जो उम्मीदें रखीं, हम उन्हें पूरा नहीं कर सके।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी संगठनात्मक कमियों को दूर करना होगा। राहुल गांधी ने कहा कि गुजरात की रीढ़ छोटे व्यापारी, लघु और मध्यम उद्यमी, किसान हैं। वे सभी नई सोच की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस यह सोच दे सकती है, लेकिन इसके लिए पहले हमें खुद को मजबूत करना होगा।
सिर्फ 5% वोट शेयर बढ़ाने की जरूरत
राहुल गांधी ने कांग्रेस की चुनावी स्थिति पर बात करते हुए कहा किगुजरात में विपक्ष के पास 40% वोट हैं। अगर हम इसमें सिर्फ 5% का इजाफा कर लें, तो हम जीत सकते हैं। हमने तेलंगाना (Telangana) में वोट शेयर 22% तक बढ़ाया। यह यहां भी संभव है लेकिन इसके लिए पार्टी में बदलाव जरूरी है। राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा: मैं गुजरात को समझना चाहता हूं, यहां की जनता से रिश्ता बनाना चाहता हूं। आत्मविश्वास आप में ही है, मेरा काम सिर्फ उसे बाहर लाना है।