सार
Karnataka Shocker: कर्नाटक के दावणगेरे जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां चोरी और महिलाओं के साथ गंदा व्यवहार करने के आरोप में कुछ लोगों ने हक्की पिक्की जनजाति के एक नाबालिग लड़के की पिटाई की। उसे पेड़ से बांधा और अंडरवियर में लाल चींटियां डाल दी।
पुलिस ने रविवार को घटना की जानकारी दी। मामला लड़के के साथ मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद प्रकाश में आया। पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना 4 अप्रैल को चन्नगिरी तालुका में स्थित अष्टप्पनहल्ली गांव में घटी थी।
बचाने की कोशिश करने वाले पर आरोपियों ने किया हमला
चींटियों ने लड़के के प्राइवेट पार्ट में काटा तो वह दर्द के मारे चीखने लगा। एक लड़के को उसपर दया आ गई। उसने बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसपर भी हमला कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वीडियो वायरल होने से फैला आक्रोश
वायरल हुए वीडियो में बदमाशों को नाबालिग को अर्धनग्न हालत में उसकी शॉर्ट्स में सुपारी के पेड़ से बांधते, उसके सिर, शरीर और गुप्तांगों पर लाल चींटियां डालते देखा गया है। लड़का चीखने लगा तो आरोपी उसकी वीडियो बनाने लगे।
वीडियो में दिखा कि लड़के को बुरी तरह पीटा गया था, प्रताड़ित किया गया था। वह रो रहा था, बख्श देने की गुहार लगा रहा था, लेकिन बदमाशों को दया नहीं आई। वीडियो के वायरल होने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है।
रिश्तेदारों ने ही लड़के के साथ किया यह सलूक
कहा जा रहा है कि लड़के के रिश्तेदारों ने ही उसके साथ यह सलूक किया था। वे लड़के को अभद्र व्यवहार और चोरी करने के चलते सजा दे रहे थे। पीड़ित पर गांव में छोटी-मोटी चोरियां करने के आरोप लगे हैं। लोग उसके इस व्यवहार से भी नाराज थे कि वह जानबूझकर महिलाओं और बच्चों के सामने अपने गुप्तांगों को उजागर करता था। वह गंदे वीडियो देखता था, सार्वजनिक रूप से अभद्र व्यवहार करता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।