DRDO ने पिनाका रॉकेट की मारक क्षमता बढ़ाकर 300 किमी कर दी है! अगले कुछ सालों में सेना में शामिल होगा ये खतरनाक हथियार। भारत की आर्टिलरी ताकत में होगा बड़ा इज़ाफ़ा।

Pinaka Rocket System: पाकिस्तान और चीन जैसे भारत विरोधी देशों को सावधान करने वाली खबर आई है। DRDO (Defence Research and Development Organisation) द्वारा पिनाका रॉकेट का रेंज बढ़ाकर 300km किया जा रहा है। जल्द ही 120 km और 300 km रेंज वाले पिनाका रॉकेट का उत्पादन शुरू हो जाएगा। पिनाका जैसे खतरनाक रॉकेट का रेंज 300km तक बढ़ाया जाना पाकिस्तान जैसे भारत के दुश्मन के लिए बड़ा सिरदर्द होगा। भारत के पूंछ से पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद और सेना मुख्यालय रावलपिंडी करीब 100 km दूर है। जंग की स्थिति में ये शहर पिनाका की रेंज में होंगे।

डीआरडीओ अध्यक्ष डॉ. समीर वी. कामत ने बताया है कि अगले तीन से पांच साल में ये सिस्टम इंडियन आर्मी में शामिल हो जाएंगे। इंडिया टीवी को दिए एक इंटरव्यू में डॉ. कामत ने बताया कि भारत आर्टिलरी क्षमता में पूरी तरह से आत्मनिर्भर है।

डॉ. कामत ने कहा कि भारतीय सेना ने पहले ही पिनाका और पिनाका रॉकेट सिस्टम के एडवांस रेंज वाले वर्जन को शामिल कर लिया है। इसके अलावा, DRDO ने गाइडेड पिनाका सिस्टम के लिए टेस्ट पूरे कर लिए हैं। इसकी खरीद जल्द ही होने की उम्मीद है। इस गाइडेड वर्जन को अपने टारगेट पर सटीक हमला करने के लिए डिजाइन किया गया है। DRDO द्वारा पिनाका-3 और पिनाका-4 पर काम किया जा रहा है। पिनाका-3 का रेंज 120km और पिनाका-4 का रेंज 300km होगा।

क्या है पिनाका रॉकेट सिस्टम?

पिनाका भारत का स्वदेशी मल्टी बैरल रॉकेट लॉन्चर सिस्टम है। इसे DRDO ने विकसित किया है। पिनाका MK-I का रेंज करीब 40 km है। Pinaka II में रेंज बढ़ाकर 60km किया गया है। पिनाका MK-II ER का रेंज 90 km है।

पिनाका मल्टी-बैरल रॉकेट लॉन्चर (MBRL) हर तरह के मौसम में काम करता है। दुश्मन के इलाके में भारी तबाही मचानी हो तो इस रॉकेट का कोई जवाब नहीं। इसे कम समय में भारी हमला करने के लिए डिजाइन किया गया है। इससे दुश्मन को बचने का मौका नहीं मिलता। पिनाका एक बार फायर किया जाए तो यह अपने टारगेट को पूरी तरह तबाह कर देता है। पिनाका सिस्टम के एक लॉन्चर में 12 रॉकेट होते हैं। ये सभी सिर्फ 44 सेकंड में फायर हो जाते हैं।

पिनाका सिस्टम 8×8 वाहन पर लगता है। इसके प्रत्येक बैटरी में छह लॉन्चर वाहन, छह लोडर-कम-रिप्लेनिशमेंट वाहन और दो कमांड पोस्ट वाहन होते हैं। 40km रेंज वाले पिनाका रॉकेट में 100 किलोग्राम विस्फोटक होता है। पिनाका की एक बैटरी से सिर्फ 44 सेकंड में 72 रॉकेट फायर किए जा सकते हैं। इससे 700 मीटर x 500 मीटर का इलाका पूरी तरह तबाह हो सकता है।