भाजपा ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बिहार का चुनाव प्रभारी बनाया है। भूपेंद्र यादव पश्चिम बंगाल के चुनाव प्रभारी बने हैं। बैजयंत 'जय' पांडा को तमिलनाडु चुनाव की जिम्मेदारी मिली है। बिहार में नवंबर में चुनाव होने हैं।
Bihar Assembly Elections: बिहार में विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। इससे पहले भाजपा ने बड़ा दांव लगाते हुए गुरुवार को केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बिहार का चुनाव प्रभारी बनाया है। वहीं, भूपेंद्र यादव को पश्चिम बंगाल का चुनाव प्रभारी बनाया गया है। धर्मेंद्र प्रधान और भूपेंद्र यादव दोनों भाजपा के सबसे अनुभवी चुनाव प्रबंधकों में से हैं। वे कई राज्यों में यह जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
धर्मेंद्र प्रधान बोले बिहार के लोग फिर सेवा करने का अवसर देंगे
बिहार का चुनाव प्रभारी बनाए जाने के बाद धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, "बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सफल नेतृत्व पिछले 20 साल से दायित्व में है। एनडीए की सरकार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग, दूरदृष्टि व नेतृत्व और नीतीश कुमार के नेतृत्व, दोनों मिलाकर बिहार में लोग फिर हमको सेवा करने का अवसर देंगे, यह हमारा विश्वास है।"
बैजयंत 'जय' पांडा बने तमिलनाडु में भाजपा के चुनाव प्रभारी
बीजेपी ने अपने उपाध्यक्षों में से एक बैजयंत 'जय' पांडा को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए प्रभारी नियुक्त किया है। यहां भाजपा AIADMK के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ेगी। बिहार विधानसभा चुनाव नवंबर में होने की उम्मीद है। वहीं, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में अगले साल मार्च-अप्रैल में चुनाव हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें- बीजेपी से क्यों नाराज हैं राजपूत वोटर? बिहार चुनाव 2025 से पहले पार्टी में उठा बड़ा सवाल
केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल (गुजरात भाजपा अध्यक्ष भी हैं) और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को बिहार चुनाव के लिए सह-प्रभारी बनाया गया है। त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को पश्चिम बंगाल के सह-प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है। वहीं, केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल तमिलनाडु के सह-प्रभारी बने हैं।
यह भी पढ़ें- 20 साल-6 मंत्रियों का इस्तीफा...नीतीश कुमार ने बिहार में कैसे बनाई 'सुशासन बाबू' की इमेज?
