सार

शशि थरूर के 'ऑपरेशन सिंदूर' बयान पर राजनीतिक तूफान। भाजपा नेता किरेन रिजिजू ने थरूर का समर्थन किया, वहीं कांग्रेस नेता उदित राज ने उन्हें भाजपा का सुपर प्रवक्ता बताया। थरूर अभी तक चुप हैं।

दिल्ली: ऑपरेशन सिंदूर को लेकर अपने ही पार्टी से आलोचना झेल रहे कांग्रेस सांसद शशि थरूर को अब भाजपा नेता का समर्थन मिल गया है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने थरूर का समर्थन करते हुए कहा, "कांग्रेस को क्या चाहिए? उन्हें देश की कितनी परवाह है? क्या वो चाहते हैं कि भारतीय सांसद विदेश जाकर भारत और प्रधानमंत्री के खिलाफ बोलें? राजनीतिक हताशा की भी कोई सीमा होती है।" दरअसल, पनामा में थरूर के भाषण पर कांग्रेस के उदित राज ने कड़ी आपत्ति जताई थी, जिसके बाद रिजिजू ने यह बयान दिया।

कांग्रेस नेता उदित राज ने शशि थरूर को भाजपा का सुपर प्रवक्ता बताया था। उन्होंने कहा कि जो बातें भाजपा नेता, प्रधानमंत्री मोदी और सरकार के समर्थन में नहीं कहते, वो शशि थरूर कहते हैं। उदित राज ने यह भी सवाल किया कि क्या थरूर को पता है कि पिछली सरकारें क्या करती थीं? सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस ने जिन नामों की सिफारिश की थी, उनमें शशि थरूर का नाम नहीं था। केंद्र ने उन्हें सीधे चुना था, जिससे कांग्रेस नाखुश थी। पनामा में थरूर ने कहा था कि 26 महिलाओं के माथे से सिंदूर पोंछने का बदला ऑपरेशन सिंदूर था। वे मुंबई में हुए 26/11 हमले पर भारत की प्रतिक्रिया का जिक्र कर रहे थे। इसी बात से कांग्रेस नाराज़ है।

वैसे, कांग्रेस की आलोचना पर शशि थरूर ने अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। कांग्रेस नेता उदित राज के अपने खिलाफ दिए गए बयान से थरूर नाराज़ ज़रूर हैं। थरूर के करीबी सूत्रों का कहना है कि यह बयान कांग्रेस नेतृत्व की जानकारी में दिया गया था। हालाँकि, पार्टी के कुछ नेता थरूर से स्पष्टीकरण मांगने की बात कर रहे हैं, लेकिन AICC सूत्रों के मुताबिक फिलहाल ऐसा कोई विचार नहीं है।