सार
Visa Free 10 Countries: भारतीयों के लिए कई देश वीजा-मुक्त यात्रा की सुविधा देते हैं। भूटान, नेपाल, मॉरीशस जैसे देशों में बिना वीजा के घूमने का आनंद उठाएँ। जानिए इन देशों में कितने दिन रुक सकते हैं।
Visa Free Countries : कुछ देश भारतीय यात्रियों के लिए वीजा मुक्त सुविधा प्रदान करते हैं, जिससे यात्रा आसान और सुगम हो जाती है। यह कदम पर्यटन को बढ़ावा देने, द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए उठाया जाता है। ऐसे में कई देशों ने भारतीय यात्रियों के लिए वीजा मुक्त कर दिया है या फिर कुछ ऐसे देश हैं जो भारतीय नागरिकों को आगमन पर वीजा प्राप्त करने की अनुमति देते हैं। इनमें से कुछ विदेशी गंतव्यों में भारतीय 14 दिनों तक बिना वीजा के रह सकते हैं, जबकि कुछ देशों में वे 90 या 120 दिनों तक रह सकते हैं। आइए जानते हैं उन देशों के बारे में जो भारतीय यात्रियों के लिए वीजा मुक्त हैं और कितने दिनों तक यात्री बिना वीजा के यहां घूम सकते हैं।
1. भूटान (Bhutan)
भूटान भारतीय नागरिकों को वीजा मुक्त यात्रा की सुविधा प्रदान करता है, लेकिन प्रवेश के लिए आपको प्रवेश परमिट की आवश्यकता होती है, जिसे आप आगमन पर आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
2. नेपाल (Nepal)
भारतीय यात्रियों को नेपाल में प्रवेश करने के लिए वीजा की आवश्यकता नहीं होती है। वे अपना पहचान पत्र दिखाकर नेपाल जा सकते हैं। उनकी यात्रा के लिए कोई समय सीमा या अवधि भी नहीं है। वे नेपाल में जब तक चाहें रह सकते हैं।
3. मॉरीशस (Mauritius)
मॉरीशस में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भारतीय नागरिकों को वीजा की जरूरत नहीं है। पर्यटक 90 दिनों तक बिना वीजा के यात्रा कर सकते हैं। हालांकि, व्यवसाय या लंबे समय तक रहने के लिए वीजा की जरूरत होती है।
4. मालदीव (Maldives)
मालदीव भारतीय नागरिकों को 60 दिनों के लिए वीजा-मुक्त यात्रा की अनुमति देता है। यहां यात्रियों को पहले से वीजा लेने की जरूरत नहीं है, बल्कि वे आगमन के बाद इसे प्राप्त कर सकते हैं।
5. सेशेल्स ( Seychelles)
सेशेल्स भारतीय नागरिकों के लिए वीज़ा-मुक्त है। यहाँ यात्रा करने से पहले वीजा लेने की जरूरत नहीं है, बल्कि आपको आगमन पर एक विज़िटर परमिट मिलेगा जो आपको तीन महीने यानी 90 दिनों तक रहने की अनुमति देगा।
6. फिजी (Fiji)
आप चार महीने यानी 120 दिनों तक बिना वीजा के फ़िजी की यात्रा कर सकते हैं। हालांकि, अगर आप इससे ज्यादा समय तक फ़िजी में रहना चाहते हैं, तो आपको उचित वीजा लेना होगा।
7. डोमिनिका (Dominica)
भारतीय नागरिक डोमिनिका में बिना वीजा के 6 महीने तक रह सकते हैं। यह सुविधा पर्यटन, यात्रा या व्यवसाय के लिए जाने वाले भारतीय नागरिकों के लिए उपलब्ध है।
8. ग्रेनेडा (Grenada)
भारतीय पासपोर्ट धारकों को ग्रेनेडा में प्रवेश करने के लिए वीजा की आवश्यकता नहीं है। आप बिना वीजा के 90 दिनों तक ग्रेनेडा में रह सकते हैं।
9. बारबाडोस (Barbados)
भारतीय नागरिक बिना वीजा के बारबाडोस की यात्रा कर सकते हैं। वे बिना वीजा के 90 दिनों तक बारबाडोस में रह सकते हैं।
10. थाईलैंड (Thailand)
थाईलैंड अब भारतीय नागरिकों के लिए वीजा-मुक्त यात्रा की सुविधा प्रदान करता है। यह सुविधा पर्यटकों को बिना वीजा के 60 दिनों तक थाईलैंड में रहने की अनुमति देती है, यदि आवश्यक हो तो आव्रजन कार्यालय में 30 दिनों तक का विस्तार संभव है।